'हम यहां मजा करने नहीं, टूर्नामेंट जीतने के लिए आए हैं'- दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद बोले नीदरलैंड्स के कप्तान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘हम यहां मजा करने नहीं, टूर्नामेंट जीतने के लिए आए हैं’- दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद बोले नीदरलैंड्स के कप्तान

वर्ल्ड कप 2023 में नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका को 38 रनों से मात दी।

South Africa vs Netherlands (Image Credit- Twitter X)
South Africa vs Netherlands (Image Credit- Twitter X)

कल (17 अक्टूबर) को वर्ल्ड कप 2023 में मुकाबला खेला गया दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड्स के बीच। इस मुकाबले में नीदरलैंड्स ने सभी को चौंकाते हुए दक्षिण अफ्रीका को 38 रनों से मात दी। दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत कोई तुक्का नहीं है और अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करने पर उनकी टीम विश्व कप में किसी भी टीम को हरा सकती है। 

मैच के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडवर्ड्स ने कहा कि, ‘हम हर मैच में रणनीति के साथ उतरते हैं और जीतने की पूरी कोशिश करते हैं। हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना चाहते हैं और ऐसा करने पर किसी भी टीम को हरा सकते हैं।’ वनडे वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स की यह तीसरी और 16 साल में पहली जीत है। उसने 2003 में नामीबिया को हराया था और 2007 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड को मात दी थी। नीदरलैंड ने क्वालीफाइंग राउंड खेलकर वर्ल्ड कप में जगह बनाई थी।

दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद स्कॉट एडवर्ड्स ने दिया बड़ा बयान

एडवर्ड्स ने कहा कि उनकी टीम यहां सिर्फ संख्या बढ़ाने नहीं आई है। उन्होंने कहा, ‘क्वॉलिफाइ करने के बाद हमने तय कर लिया था कि क्या करना है। हम यहां सिर्फ वर्ल्ड कप का मजा लेने नहीं आये हैं। हम यहां जीतने आये हैं। दक्षिण अफ्रीका काफी मजबूत टीम है और सेमीफाइनल में जगह बनाने की प्रबल दावेदार भी।

दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करते हुए 21वें ओवर तक नीदरलैंड्स के 82 रन पर 5 विकेट चटका लिए थे लेकिन यहाँ से गेंदबाजों ने अपना नियंत्रण खो दिया और डच टीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 245/8 का स्कोर लगा दिया। टेम्बा बावुमा की टीम के लिए यह काफी बड़ा साबित हुआ और पूरी टीम 42.5 ओवर में 207 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

आपको बता दें कि, टीम इंडिया और नीदरलैंड्स का वर्ल्ड कप मुक़ाबला 12 नवंबर को बैंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुक़ाबला दिवाली के दिन खेला जाएगा। हालांकि वो मुकाबला इस वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला होगा और वहां टीम इंडिया जीत दर्ज करना चाहेगी।

यह भी पढ़ें: शायद शाकिब की गेंदों का सामना करने से घबरा रहे हैं विराट!

close whatsapp