भारतीय टीम के सबसे शानदार स्विंग गेंदबाज ने SMAT 2023 में दिखाया अपना दम, मात्र 9 गेंदों में पलट दिया पूरे मैच का रिजल्ट
भुवनेश्वर कुमार की इस घातक गेंदबाजी की वजह से उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को 40 रनों से हराया।
अद्यतन - अक्टूबर 25, 2023 3:23 अपराह्न

भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 में उत्तर प्रदेश की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने आज यानी 25 अगस्त को खेले गए मुकाबले में धमाकेदार गेंदबाजी करते हुए 9 गेंदों में कर्नाटक के पांच विकेट हासिल किए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश को कर्नाटक के खिलाफ इस मुकाबले में जीत दर्ज करनी बेहद जरूरी थी। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 196 रन बनाए। टीम की ओर से अभिषेक गोस्वामी ने 50 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से 77 रनों की बहुमूल्य पारी खेली जबकि नीतीश राणा ने 29 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। रिंकू सिंह ने 31 रनों की नाबाद तूफानी पारी खेली जबकि ध्रुव जुरेल ने 25* रनों का योगदान दिया।
जवाब में कर्नाटक को आखिरी चार ओवर में 56 रनों की जरूरत थी। कर्नाटक की पारी का 17वां ओवर लेकर आए भुवनेश्वर कुमार ने इसी ओवर में तीन महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। उन्होंने इस ओवर में अभिनव मनोहर, Manoj Bhandage और शुभांग हेगड़े का विकेट चटकाया।
इसके बाद उन्होंने अपने आखिरी ओवर में सिर्फ तीन गेंदों में 2 विकेट हासिल किए और उत्तर प्रदेश को इस महत्वपूर्ण मैच में जीत दिलाई। भुवनेश्वर कुमार खुद अपने इस प्रदर्शन से काफी खुश हैं। उन्होंने इस मैच में 16 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। उनकी इस घातक गेंदबाजी की वजह से उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को 40 रनों से हराया।
उत्तर प्रदेश ने जीता महत्वपूर्ण मुकाबला
बता दें, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 की अंक तालिका की बात की जाए तो उत्तर प्रदेश ने अभी तक 5 मैच में तीन में जीत दर्ज की है जबकि एक में उन्हें हर का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला नो रिजल्ट रहा था। वो ग्रुप E में दूसरे पायदान पर हैं। टीम ने अभी तक इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और कई लोगों का दिल जीता है।
उत्तर प्रदेश को अब अपना अगला मुकाबला 27 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के खिलाफ देहरादून के Kasiga College Ground में खेलना है। इस मैच में भी भुवनेश्वर कुमार और टीम अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। उत्तर प्रदेश के पास कई जबरदस्त बल्लेबाज हैं जो आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए कभी भी मुकाबले को पूरी तरह से बदल सकते हैं।