विराट कोहली मोहम्मद रिजवान

World Cup 2023: मैं चाहता हूं कि विराट कोहली अपने बर्थडे पर 49वां शतक लगाएं- मोहम्मद रिजवान

वनडे फॉर्मेट में 48 शतक जड़ चुके हैं विराट कोहली।

Mohammad Rizwan & Virat Kohli (Photo Source: Getty Images)
Mohammad Rizwan & Virat Kohli (Photo Source: Getty Images)

वर्ल्ड कप 2023 में अब तक टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने इस वर्ल्ड कप में कई मौकों पर अपनी टीम के लिए अहम पारी खेली है और टीम को मुश्किलों से बाहर निकाला है। विराट कोहली अपने वनडे करियर में 48 शतक लगा चुके हैं और फैंस चाहते हैं कि वो इस टूर्नामेंट में अपना 50वां शतक पूरा करें। भारत को अब अपने अगले तीन मुकाबले श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलना है।

आपको बता दें कि, दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 5 नवंबर को अपना 35वां जन्मदिन मनाएंगे। उसी दिन भारतीय टीम को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 में अपना आठवां मुकाबला खेलना है। इस बीच पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने विराट कोहली को जन्मदिन की शुभकामनाऐं दी हैं और साथ ही उम्मीद जताई है कि दिग्गज बल्लेबाज अपना 49वां वनडे शतक बनाएंगे।

मोहम्मद रिजवान ने विराट कोहली को दी अलग अंदाज में शुभकामनाएं

दरअसल मोहम्मद रिजवान ने बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के लिए अपने प्रैक्टिस सेशन के बाद मीडिया के लोगों से बातचीत की। जब उन्हें बताया गया कि इसी मैदान पर विराट कोहली अपने जन्मदिन पर खेलेंगे। इस पर पाकिस्तानी खिलाड़ी ने उन्हें शुभकामनायें दी।

इंडिया टुडे के हवाले से मोहम्मद रिजवान ने कहा कि, यह जानकर अच्छा लगा कि उनका जन्मदिन 5 नवंबर को है। उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं, हालांकि मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाता और मैं इसमें विश्वास नहीं करता। विराट को शुभकामनाएं। मुझे उम्मीद है कि वह अपने जन्मदिन पर अपना 49वां वनडे शतक बनाएं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं कि वह इस वर्ल्ड कप में अपना 50वां वनडे शतक भी पूरा करें।

आपको बता दें कि भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के नाम 48 वनडे शतक हैं और इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी से सिर्फ एक सेंचुरी दूर हैं। ऐसे में फैंस चाहेंगे कि कोहली अपने जन्मदिन पर एक बड़ी पारी खेलें और अपने खास दिन को और खास बनाएं।

यह भी पढ़ें: Cricket Buzz: 31 अक्टूबर के बेहतरीन ट्वीट के बारे में जाने यहां

close whatsapp