कुमार कुशाग्र को पहले ही मिल चुका था DC से खेलने का ऑफर, पिता ने किया बड़ा खुलासा
कुशाग्र ने विजय हजारे ट्रॉफी और देवधर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया
अद्यतन - Dec 20, 2023 1:59 pm

आईपीएल 2024 ऑक्शन (IPL 2024 Auction) का आयोजन 19 दिसंबर मंगलवार को दुबई में हुआ। इसमें सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपने स्क्वॉड को मजबूत करने के लिए पसंदीदा खिलाड़ियों को चुना। इसी क्रम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 7.2 करोड़ रुपये में झारखण्ड के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (Kumar Kushagra) को अपनी टीम में शामिल किया।
अब कुशाग्र के दिल्ली खेमे में शामिल हो जाने के बाद उनके पिता ने बड़ा खुलासा किया है। कुशाग्र के पिता शशिकांत ने दावा किया है कि पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने वादा किया था कि आईपीएल 2024 की नीलामी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स (DC) उनके बेटे को किसी भी कीमत पर खरीदेगी।
कुशाग्र के पिता का बड़ा खुलासा
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए शशिकांत ने अपने बेटे के साथ सौरव गांगुली की बातचीत के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ईडन गार्डन में ट्रायल के बाद सौरव गांगुली ने कुशाग्र से कहा था कि वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे और फ्रेंचाइजी उनके लिए 10 करोड़ रुपये तक की बोली लगाएगी।
शशिकांत ने आगे बताया कि, गांगुली उसके सिक्स हिटिंग क्षमता और फील्ड को खेलने की काबिलियत से काफी प्रभावित हुए। वह कुशाग्र के विकेटकीपिंग स्किल से भी प्रभावित हुए। उन्होंने यहां तक कहा कि जब बेल्स गिराता है तो उसमें एमएस धोनी की झलक दिखती है।
बता दें कि कुशाग्र को इस साल की शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स ने अभ्यास के लिए अपने ऑफ-सीजन कैंप में बुलाया था। इस दौरान कुशाग्र ने सभी को प्रभावित किया था। कुमार कुशाग्र के लिए पिछले 10 महीने काफी शानदार रहे हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2022-23 में अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं इस साल की शुरुआत में देवधर ट्रॉफी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में लगभग 90 की स्ट्राइक रेट और 68.75 की औसत से 275 रन बनाए। इसके अलावा देवधर ट्रॉफी में 56.75 की औसत और 109.13 के स्ट्राइक रेट से 227 रन बनाए।