बाबर आजम ने गिल से छिनी नंबर-1 की कुर्सी, वनडे रैंकिंग में फिर से टॉप पर पहुंचे
बाबर आजम के 824 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि गिल के 810 रेटिंग अंक हैं।
अद्यतन - Dec 20, 2023 3:25 pm

बाबर आजम (Babar Azam) एक बार फिर से आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग (ICC ODI Ranking) में टॉप पर पहुंच गए हैं। ICC द्वारा जारी ताजा वनडे रैंकिंग में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने शुभमन गिल (Shubman Gill) को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है। वह टॉप-10 में शामिल इकलौते पाकिस्तानी प्लेयर हैं।
दरअसल, भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं है और इस कारण से उन्हें अपनी रैंकिंग गंवानी पड़ी। बाबर आजम के 824 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि गिल के 810 रेटिंग अंक हैं। वहीं ICC वनडे रैंकिंग में तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर विराट कोहली (775 रेटिंग), रोहित शर्मा (754 रेटिंग) और डेविड वार्नर (745 अंक) काबिज हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से कोई भी मैच नहीं खेला है। इस वक्त दोनों साउथ अफ्रीका के खिलाफ ह्वाइट बॉल सीरीज से ब्रेक पर चल रहे हैं। हालांकि, दोनों आगामी टेस्ट सीरीज से वापसी करने वाले हैं। दूसरी तरफ डेविड वॉर्नर पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं और इस सीरीज के बाद उनका संन्यास लेने का प्लान है।
केशव महाराज गेंदबाजी में नंबर-1
वहीं ICC वनडे गेंदबाजी रैंकिंग की बात करें तो केशव महाराज शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके 715 रेटिंग अंक है, जबकि 703 रेटिंग अंक के साथ जोश हेजलवुड दूसरे पायदान पर है। टॉप-10 में तीन भारतीय गेंदबाज हैं, जिनमें मोहम्मद सिराज (685), जसप्रीत बुमराह (671) और कुलदीप यादव (652) क्रमश: तीसरे, पांचवें और आठवें स्थान पर हैं।
बाबर आजम की बात करें तो वह इस वक्त टेस्ट क्रिकेट खेलने में व्यस्त हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में बाबर आजम का बल्ला खामोश रहा। पाकिस्तान को इस मैच में 360 रनों से हार का सामना करना पड़ा। बाबर ने पर्थ टेस्ट में पहली पारी में 21 और दूसरी पारी में 14 रन बनाए। उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सभी प्रारूपों की कप्तानी छोड़ दी थी।
ये भी पढ़ें- IPL 2024 Auction में पंजाब किंग्स ने कर दी बड़ी गलती, जिसे नहीं खरीदना था उस खिलाड़ी को ले लिया, फिर…