मोहम्मद शमी ने बढ़ाई BCCI की मुश्किलें, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से भी हो सकते हैं बाहर
आखिरी बार वर्ल्ड कप 2023 में खेलते हुए नजर आए थे मोहम्मद शमी।
अद्यतन - जनवरी 8, 2024 3:45 अपराह्न

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इंग्लैंड के खिलाफ 25 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की सीरीज के पहले दो टेस्ट से बाहर रह सकते हैं। उन्होंने हाल ही में खुलासा किया था कि वह वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान दर्द के साथ खेले थे, जिसके बाद उन्हें खेल से ब्रेक लेने की सलाह दी गई। वर्तमान में, वह टखने की चोट से उबर रहे हैं, जिसके कारण उनको दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से भी बाहर कर दिया गया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 33 वर्षीय खिलाड़ी ने अभी तक नेट्स पर गेंदबाजी शुरू नहीं की है। बीसीसीआई अधिकारियों को उम्मीद है कि यह तेज गेंदबाज टेस्ट टीम में जगह बनाने से पहले NCA में अपना फिटनेस टेस्ट देगा। यदि वह टेस्ट में पास हो जाते हैं, तो शमी तीसरे टेस्ट के लिए राजकोट में टीम के साथ जुड़ेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे- BCCI अधिकारी
BCCI के एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से बताया कि, “शमी ने अभी तक गेंदबाजी करना भी शुरू नहीं किया है, उन्हें NCA जाकर अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। उनका इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट में खेलना मुश्किल लग रहा है।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए शमी की जगह प्रसिद्ध कृष्णा या मुकेश कुमार को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। केपटाउन के न्यूलैंड्स में प्रोटियाज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कुमार ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि प्रसिद्ध का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा था। कप्तान रोहित शर्मा सेंचुरियन में सीरीज के पहले टेस्ट में उनके प्रदर्शन से खुश नहीं थे।
शमी को छोड़कर बाकी सभी टेस्ट क्रिकेटर इंग्लैंड के खिलाफ ब्लॉकबस्टर सीरीज के लिए फिट हैं। टीम अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाद हैदराबाद में फिर से एकजुट होने के लिए तैयार है। अफगानिस्तान के खिलाफ T2oI सीरीज 17 जनवरी को समाप्त होगी।