टी20 वर्ल्ड कप 2024 की भारतीय टीम में इस खिलाड़ी को खेलते हुए देखना चाहते हैं सुरेश रैना
टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत इसी साल 1 जून से हो रही है।
अद्यतन - जनवरी 13, 2024 3:09 अपराह्न

पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना का मानना है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अक्षर पटेल की जगह भारतीय टीम में पक्की हो गई है। बता दें, टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत इसी साल 1 जून से हो रही है। इस समय भारत और अफगानिस्तान के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज खेली जा रही है जिसके पहले मैच में अक्षर पटेल ने भारतीय टीम की ओर से काफी अच्छी गेंदबाजी की।
अक्षर पटेल ने पहले टी20 में रहमानुल्लाह गुरबाज़ और रहमत शाह का विकेट हासिल किया था। सुरेश रैना के मुताबिक अक्षर पटेल ने हालिया समय में भारतीय टीम की ओर से काफी अच्छी गेंदबाजी की है। यही नहीं सुरेश रहना ने कहा कि एक क्रिकेटर के रूप में अक्षर पटेल का टी20 में प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है।
जिओसिनेमा पर बात करते हुए सुरेश रैना ने कहा कि, ‘अक्षर पटेल पावरप्ले में गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने जब बल्लेबाजी की है तब भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रज्ञान ओझा उनकी गेंदबाजी को लेकर ज्यादा अच्छी तरह से बता सकते हैं क्योंकि वो भी बाएं हाथ के गेंदबाज हैं। वो अपनी गति में बदलाव करते हैं। मुझे लगता है कि उनका टी20 वर्ल्ड कप का टिकट पक्का है।
यह भी देखना पड़ेगा कि मैनेजमेंट जडेजा के बारे में कितना सोच रहा है। जडेजा को अभी आराम दिया गया है क्योंकि भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। जडेजा इंपैक्ट खिलाड़ी है। आईपीएल में उनके प्रदर्शन पर तमाम लोगों की निगरानी होगी।’
प्रज्ञान ओझा ने भी की अक्षर पटेल की जमकर प्रशंसा
प्रज्ञान ओझा ने कहा कि, ‘उन्हें जरूर रखना चाहिए। जब भी यह गेंदबाज को या ऑलराउंडर को टीम के अंदर और बाहर रखा जाता है तब उन्हें मौके देना भी जरूरी है। अक्षर पटेल के खेल को समझने का तरीका टॉप क्लास है और उनका खेल भी काफी अच्छा है।’
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भले ही भारतीय टीम इस शानदार ट्रॉफी को अपने नाम ना कर पाई हो लेकिन टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को वो जरूर जीतना चाहेंगी। अक्षर पटेल की बात की जाए तो युवा ऑलराउंडर खुद यही चाहेंगे कि वो भी आगामी टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आए।