एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जैसे ही डीजे ने बजाया ‘Moye Moye’ गाना, विराट कोहली खुद को रोक नहीं पाए और जमकर किया डांस
जब दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर की शुरुआत होने वाली थी तब यह गाना डीजे ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बजाया।
अद्यतन - जनवरी 18, 2024 2:35 अपराह्न

17 जनवरी को खेले गए तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में भारत ने डबल सुपर ओवर में अफगानिस्तान को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मात दी। बता दें, यह काफी रोमांचक मुकाबला था लेकिन अंत में भारत ने इस मैच को अपने नाम किया।
बता दें, मुकाबले के दौरान विराट कोहली को ‘Moye Moye’ गाने पर डांस करते हुए देखा गया। बता दें, जब दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर की शुरुआत होने वाली थी तब यह गाना डीजे ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बजाया। अफगानिस्तान के बल्लेबाज क्रीज पर आने के लिए तैयार हो रहे थे और भारतीय टीम के खिलाड़ी मैदान के अंदर पहुंच चुके थे। जैसे ही डीजे ने यह गाना बजाया वैसे ही विराट कोहली को इस पर डांस करते हुए देखा गया।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो रही है। तमाम लोगों ने विराट कोहली के इस डांस का जमकर लुफ्त उठाया।
यह रही वीडियो:
https://twitter.com/minnahvm/status/1747903987570143529
इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 212 रन बनाए थे। टीम की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 69 गेंदों पर 11 चौके और आठ छक्कों की मदद से 121 रनों की रिकॉर्डतोड़ शतकीय पारी खेली। यही नहीं रिंकू सिंह ने भी इस मैच में 69* रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। हालांकि अफगानिस्तान की ओर से गुलबदिन नाईब ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंद में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 55 रनों की तूफानी पारी खेली।
उनकी इस पारी की वजह से अफगानिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 212 रन बनाए। इसके बाद पहले सुपर ओवर में भारतीय टीम की ओर से मुकेश कुमार ने गेंदबाजी की और अफगानिस्तान ने 16 रन बनाए। हालांकि रोहित शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी की वजह से पहला सुपर ओवर भी टाई में समाप्त हुआ। दूसरे सुपर ओवर में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 11 रन ही बना पाए।
सबसे हैरान कर देने वाली बात यह थी कि भारतीय टीम की ओर से दूसरा सुपर ओवर रवि बिश्नोई फेंकने आए थे। तमाम लोग इस चीज को देखकर काफी हैरान थे। हालांकि रवि बिश्नोई ने तमाम भारतीय फैंस और रोहित शर्मा के फैसले को निराश नहीं किया और उन्होंने तीन गेंदों पर एक रन देकर दो विकेट झटके और भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।