वेस्टइंडीज की चार दिग्गज महिला खिलाड़ियों ने एक साथ किया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान
उन्होंने क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) को दिए गए अवसरों और यादों के लिए धन्यवाद दिया।
अद्यतन - Jan 19, 2024 11:40 am

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 18 जनवरी को खुलासा किया कि वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम की चार प्रमुख खिलाड़ियों अनीसा मोहम्मद (Anisa Mohammed), शकेरा सेल्मन (Shakera Selman), किशिया नाइट (Kycia Knight) और किशोना नाइट (Kyshona Knight) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) को दिए गए अवसरों और यादों के लिए धन्यवाद दिया।
महिला क्रिकेट की दिग्गज मानी जाने वाली इन चारों अनीसा मोहम्मद (Anisa Mohammed), शकेरा सेल्मन (Shakera Selman), किशिया नाइट (Kycia Knight) और किशोना नाइट (Kyshona Knight) का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा और वे भारत में 2016 में आयोजित आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम की सदस्य थी।
वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम को लगा बड़ा झटका
अनीसा मोहम्मद (Anisa Mohammed) ने साल 2003 में 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से 20 साल से अधिक समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है। अनीसा ने 141 ODI और 117 T20I मैचों में वेस्टइंडीज के लिए 305 विकेट लिए। वह साल 2016 में T20I क्रिकेट में 100 से अधिक विकेट लेने वाली पहले वेस्टइंडीज क्रिकेटर – पुरुष या महिला – बनी थी।
यहां पढ़िए: भारत दौरे पर हरमनप्रीत कौर के साथ अजीब तरीके से हाथ मिलाने पर एलिसा हीली ने चुप्पी तोड़ी
वहीं, दाएं-हाथ की शानदार तेज गेंदबाज शकेरा सेल्मन (Shakera Selman) ने साल 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में 196 मैचों में 133 विकेट लिए। जबकि जुड़वां बहने किशिया नाइट (Kycia Knight) और किशोना नाइट (Kyshona Knight) ने क्रमशः साल 2011 और 2013 में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
कुछ ऐसा रहा नाइट बहनों का करियर
किशिया नाइट (Kycia Knight) एक विकेटकीपर हैं जिनके नाम कई रिकॉर्ड हैं, जिनमें महिलाओं की एक T20I पारी में सर्वाधिक शिकार (5), एक पारी में सर्वाधिक स्टंपिंग (4) और एक पारी में सर्वाधिक कैच (4) शामिल हैं। किशिया ने 157 T20I मैचों में कुल 2128 रन बनाए, वहीं उनकी बहन किशोना नाइट (Kyshona Knight), जो बाएं-हाथ की बल्लेबाज हैं, ने अपने देश के लिए 106 मैचों में 1397 रन बनाए।