IND vs ENG: आखिर कब तक अपने मौके को जाया करते रहेंगे प्रिंस शुभमन गिल, एक बार फिर हुए फ्लॉप
हैदराबाद टेस्ट की पहली पारी में सिर्फ 23 रन बनाकर आउट हुए शुभमन गिल।
अद्यतन - Jan 26, 2024 11:06 am

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट मैच में आज दूसरे दिन का खेल खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल पूरी तरह से भारत के नाम रहा। लेकिन इंग्लैंड ने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। वो दूसरे दिन के पहले सत्र में दो विकेट ले चुके हैं।
एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे शुभमन गिल
दिन के पहले ही ओवर में जो रूट ने सेट बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (80 रन) को पवेलियन भेजा। वो शतक बनाने से चूक गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए केएल राहुल और शुभमन गिल ने पारी को आगे बढ़ाया। ऐसा लग रहा था कि गिल और राहुल लंच तक टीम इंडिया को और नुकसान नहीं होने देंगे। लेकिन इसी बीच टॉम हार्टली ने शुभमन गिल को 23 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।
दूसरे दिन का पहले घंटे का खेल अब तक इंग्लैंड के नाम रहा है। इंग्लिश गेंदबाजों ने इस दौरान 54 रन दिए और दो बड़े विकेट अपने नाम किए। दूसरे दिन भारत की नजरें सबसे पहले इंग्लैंड के स्कोर से आगे निकले पर होगी, इसके बाद भारत मेहमानों के आगे बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेगा।
इस मुकाबले का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा। मेजबानों को 246 रनों पर ढेर करने के बाद भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट के नुकसान पर 119 रन बोर्ड पर लगाए। पहले दिन शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल नाबाद लौटे थे, लेकिन ये दोनों बल्लेबाज दूसरे दिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
वहीं मैच की बात करें तो इस वक्त भारत की तरफ से केएल राहुल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं और टीम का स्कोर 175/3 है। अब इन दोनों बल्लेबाजों की कोशिश यहां से इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने की होगी। वहीं इंग्लैंड के गेंदबाज जल्द से जल्द भारतीय टीम को ऑलआउट करना चाहेंगे। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि भारत यहां से कितना स्कोर बना पाता है।