शुभमन गिल पर काफी ज्यादा दबाव है, उनको टेस्ट में ड्रॉप किया जा सकता है- दिनेश कार्तिक का बड़ा बयान
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 23 रन बनाकर आउट हुए शुभमन गिल।
अद्यतन - Jan 26, 2024 12:16 pm

टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने बताया कि कैसे टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज शुबमन गिल टेस्ट क्रिकेट में लगातार खराब प्रदर्शन के बाद सवालों के घेरे में हैं।
कार्तिक ने कहा कि हैदराबाद में इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी करते समय प्रतिभाशाली युवा अपने अप्रोच को लेकर काफी अस्थिर थे। कार्तिक ने क्रिकबज से बातचीत के दौरान बताया कि अगर गिल का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा तो उन्हें टीम में अपनी जगह गंवानी पड़ सकती है।
कार्तिक ने कहा कि, “आप देख सकते हैं कि शुभमन गिल पर दबाव बढ़ गया है। वह जानते हैं कि अगर वह एक-दो बार असफल होते हैं, तो फिलहाल उनका करियर खतरे में पड़ सकता है। इसलिए, आप उस अनिच्छा को देख सकते हैं।”
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में बल्ले से फेल रहे शुभमन गिल
गिल पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान छाप छोड़ने में असफल रहे। उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 74 रन बनाए। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में अच्छी शुरुआत की और पहले दिन 43 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि दूसरे दिन वो इस पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 26 रन बनाकर टॉम हर्टली का शिकार बने। एक बार फिर बल्ले से फ्लॉप होने के बाद सोशल मीडिया पर शुभमन गिल की काफी आलोचना हो रही है।
दूसरे दिन के अब तक के खेल की बात करें तो दूसरे दिन का पहला सेशन भारत के नाम रहा। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की 63 रनों की साझेदारी के दम पर भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 222 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। राहुल ने इस दौरान अर्धशतक जड़ा, वह 55 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं, वहीं अय्यर 34 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
दूसरे दिन के पहले सेशन में भारत ने 27 ओवर में 103 रन बनाए, टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह रही कि बल्लेबाजों ने एक भी ओवर मेडन नहीं खेला। भारत के लिए दिन की शुरुआत निराशाजनक रही थी क्योंकि पहले ही घंटे में रूट ने यशस्वी जायसवाल (80) का तो हार्टली ने शुभमन गिल (23) का शिकार किया था।