सौराष्ट्र टीम शराब विवाद के बाद युवा खिलाड़ियों के करियर खतरे में, एक खिलाड़ी के पिता ने लगाया साजिश का आरोप
इस खिलाड़ी के पिता का कहना है कि उनके बेटे का एक मोहरे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
अद्यतन - जनवरी 30, 2024 11:33 पूर्वाह्न

हाल में ही सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के अंडर-23 टीम के कुछ खिलाड़ियों को एक बड़े विवाद का सामना करना पड़ा है। बता दें कि पिछले हफ्ते चंडीगढ एयरपोर्ट पर रूटिन चैकिंग के दौरान टीम के पांच खिलाड़ियों का एक अघोषित बैग पकड़ा गया था, जिसमें काफी मात्रा में शराब थी।
इस घटना के बाद इन युवा खिलाड़ियों का क्रिकेट करियर अधर में लटक गया है। दूसरी ओर, इस घटना पर चंडीगढ यूनियन टेरिटरी क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव देविंदर शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि यह कृत्य आपराधिक मामला बनने के बजाय क्रिकेट एसोसिएशन के नियमों का उल्लंघन करता है।
हालांकि, अब इस घटना में शामिल पांच खिलाड़ियों में से एक खिलाड़ी के पिता ने बड़ा बयान दिया है, जिसके बाद यह घटनाक्रम और ज्यादा रोचक मोड़ लेता जा रहा है। इस खिलाड़ी के पिता का कहना है कि उनके बेटे का किसी मोहरे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि इन खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद अन्य खिलाड़ी उनकी जगह टीम में खेल सकें।
क्रिकेटर के पिता ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि इस घटनाक्रम में शामिल पांच खिलाड़ियों में से एक खिलाड़ी के पिता ने इनसाइड स्पोर्टस के हवाले से कहा- जिस तरह से इस पूरी घटना को मीडिया में पेश किया जा रहा है, उससे मुझे संदेह हो रहा है कि यह मेरे बेटे और अन्य चार खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की साजिश है। ताकि कुछ अन्य क्रिकेटर उनकी जगह ले सकें।
तो वहीं इस मसले पर सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने भी टिप्पणी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस घटना के तुरंत बाद ही जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया गया है, जो किट बैग में मिली 27 शराब की बोतलों और 2 क्रेट बियर को लेकर जांच करती हुई नजर आएगी।