‘मैं कौन होता हूं उस व्यक्ति से सवाल करने वाला जिसने 30 शतक लगाए हैं’ रूट का बचाव करते हुए स्टोक्स ने दिया बड़ा बयान
भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले तीन मैचों में प्रदर्शन करने में फ्लाॅप साबित हुए हैं रूट
अद्यतन - फरवरी 19, 2024 12:40 अपराह्न

भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच इस समय पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के तीन मैच खेले जा चुके हैं और टीम इंडिया ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। लेकिन इन तीनों ही मैचों में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जो रूट (Joe Root) प्रदर्शन करने में असफल साबित रहे हैं।
हालांकि, जब यह दौरा शुरू होने वाला था तो इस बात की चर्चा काफी थी कि इंग्लैंड की बल्लेबाजी जो रूट के इर्द-गिर्द घूमती हुई नजर आएगी। लेकिन अब यह दावा एकदम गलत साबित हो रहा है। रूट पहले तीन टेस्ट मैचों में सिर्फ 77 रन ही बना पाए हैं, जबकि इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 29 रन रहा।
दूसरी ओर, इस खराब प्रदर्शन के बाद रूट की क्रिकेट जगत में काफी आलोचना देखने को मिली। तो वहीं अब रूट की इन आलोचनाओं के बीच इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) का बड़ा बयान सामने आया है। स्टोक्स का कहना है कि मैं कौन होता हूं उस व्यक्ति से सवाल करने वाला जिसने 30 शतक लगाए हैं।
बेन स्टोक्स ने जो रूट को लेकर दिया हैरान कर देने वाला बयान
बता दें कि रूट के प्रदर्शन को लेकर बेन स्टोक्स ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा- जो रूट ने लगभग 12,000 टेस्ट रन बनाए हैं। मैं समझ सकता हूं कि इतने अच्छे खिलाड़ी के सामने इस समय चारों ओर निराशा होगी।
इस दौरे पर जसप्रीत बुमराह ने उन्हें कई बार आउट किया है। मुझे लगा कि वास्तव में वह क्रीज पर अच्छा लग रहा है, लेकिन बुमराह ने कुछ अलग गेंदबाजी की और उसे शायद कुछ और सोचने पर मजूबर होना पड़ा।
स्टोक्स ने आगे कहा- वह जिस तरह के शाॅट खेलता है उससे फील्ड बदल जाती है। गेंदबाज की मानसिकता में बदलाव आता है। वह ऐसे शाॅट नहीं है, जिसे आप टेस्ट मैच में किसी और खिलाड़ियों को खेलते हुए देखते हैं। लेकिन मैं कौन होता हूं उस व्यक्ति से सवाल करने वाला जिसने 30 शतक लगाए हैं। मुझे लगता है कि उसे पता है कि वह क्या कर रहा है।