IPL 2024: “यह एक चमत्कार है”- ऋषभ पंत की वापसी को लेकर पूर्व दिग्गज क्रिकेटर
चोट की वजह से आईपीएल 2023 में नहीं खेल पाए थे ऋषभ पंत।
अद्यतन - Feb 21, 2024 10:41 am

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि, ऋषभ पंत का आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए कप्तान और बल्लेबाज के रूप में खेलना वास्तव में एक चमत्कार है। दिसंबर 2022 में एक भीषण कार दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के बाद पंत ने कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है।
अब कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि यह धाकड़ बल्लेबाज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी संस्करण में DC के लिए खेल सकता है, लेकिन वो विकेटकीपिंग करेंगे या नहीं इसको लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में, चोपड़ा को पंत के आईपीएल में खेलने की संभावना से काफी आश्चर्य हुआ और वो इस खबर को सुनकर खुश भी नजर आए।
ऋषभ पंत को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
आकाश चोपड़ा ने कहा कि, “ऐसी छिटपुट खबरें हैं कि ऋषभ पंत इस साल आईपीएल में खेलते नजर आएंगे, जो बिल्कुल अभूतपूर्व है। यह चमत्कारी है, यह देखते हुए कि वह कहां से आए हैं और कहां पहुंच गए हैं।”
पूर्व सलामी बल्लेबाज ने आगे कहा कि, “क्रिकेट जीवन का एक बहुत छोटा सा हिस्सा है। यह बहुत महत्वपूर्ण है लेकिन जीवन है तो ही क्रिकेट है। जिस तरह का हादसा था, मैं बस खुश था कि वह जीवित था। मुझे पूरा यकीन है कि उसे बहुत काम करना पड़ा होगा वहां से यहां तक की यात्रा कठिन है क्योंकि यह कठिन भी है और बेहद अकेला भी।”
चोपड़ा ने कहा कि बल्लेबाज के रूप में पंत की मौजूदगी दिल्ली स्थित फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़ी समस्या का समाधान करेगी। उन्होंने कहा कि, “वह बल्लेबाजी भी करेगा और कप्तानी भी करेगा। बल्लेबाजी के साथ, वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण समस्या का समाधान करता है क्योंकि वह क्रम में थोड़ा नीचे बल्लेबाजी कर सकता है क्योंकि, दुर्भाग्य से, उनके सभी अच्छे खिलाड़ी टॉप आर्डर के बल्लेबाज हैं।”
पंत ने 98 आईपीएल मैचों में 34.61 की औसत और 147.97 की स्ट्राइक रेट से 2838 रन बनाए हैं। आईपीएल 2022 उनके लिए अच्छा नहीं रहा, पिछली बार जब उन्होंने टूर्नामेंट खेला था, तब उन्होंने 14 मैचों में 30.91 की औसत और 151.79 की स्ट्राइक रेट से 340 रन बनाए थे।