‘चुप और क्लास में रहना’ खुद की तारीफ करते हुए KL Rahul ने दिया बड़ा बयान
अब आईपीएल में ही खेलते हुए नजर आएंगे राहुल
अद्यतन - फरवरी 29, 2024 5:23 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल इस समय इंजरी का सामना कर रहे हैं। गौरतलब है कि राहुल इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में खेलने के बाद से कोई भी टेस्ट मैच नहीं खेल पाए हैं।
साथ ही इस बात की पूरी संभावना है कि वह धर्मशाला में 7 मार्च से होने वाले 5वें टेस्ट मैच से भी बाहर हो सकते हैं। दूसरी ओर, इस सब के बीच केएल राहुल ने अपने खुद के व्यक्तित्व को लेकर बड़ा बयान दिया है। राहुल ने एक इंटरव्यू में खुद को चुप और क्लास में रहने वाले खिलाड़ी के रूप में स्वीकारा है।
केएल राहुल ने खुद की खुद की तारीफ
बता दें कि स्टार स्पोर्टस के साथ एक रैपिड फायर में उनसे जब खुद के व्यक्तित्व को लेकर, टीम में किसकी दाढ़ी शानदार है, आपको किससे प्रेरणा मिलती है और आप पर किस क्रिकेटर का प्रभाव है आदि सवाल पूछे गए तो उन्होंने अपने व्यक्तित्व को लेकर बड़ा बयान दिया है।
इस रैपिड फायर में जब उनसे खुद को परिभाषित करने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा चुप और क्लास में रहने वाला। तो वहीं टीम में सबसे बेहतरीन दाढ़ी किस खिलाड़ी की है? इस सवाल का जबाव देते हुए राहुल ने रविंद्र जडेजा का नाम लिया।
तो वहीं प्रेरणा को लेकर उन्होंने अपने पिता का नाम लिया है। साथ ही अपने क्रिकेट में किस खिलाड़ी का प्रभाव है, वाले सवाल पर राहुल ने पूर्व साउथ अफ्रीकी कप्तान और मिस्टर 360 के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स का नाम लिया है।
केएल राहुल के क्रिकेट करियर पर एक नजर
दूसरी ओर, आपको राहुल के क्रिकेट करियर के बारे में जानकारी दें तो वह खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम के लिए 50 टेस्ट, 75 वनडे और 72 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 2863 टेस्ट, 2820 वनडे और 2665 टी20 रन बनाए हैं।