BCCI ने दिया इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने का ऑफर, ईशान किशन ने कर दिया मना, अब…..
पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं ईशान किशन।
अद्यतन - Mar 2, 2024 11:25 am

ईशान किशन ने मानसिक थकान का हवाला देते हुए दक्षिण अफ्रीका सीरीज के बीच में टीम से बाहर हो गए थे। उसके बाद से उन्होंने अभी तक खुद को चयन के लिए उपलब्ध नहीं कराया है। टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने पहले कहा था कि किशन ने हाल के दिनों में कोई फर्स्ट क्लास मैच नहीं खेला है और यही कारण है कि उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की सीरीज में टीम में जगह नहीं मिली।
इसी बीच ईशान किशन से जुड़ी एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कहानी कुछ और ही बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 25 वर्षीय ईशान ने खुद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने से इनकार कर दिया था और इसके बजाय वह बड़ौदा में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ ट्रेनिंग ले रहे थे।
ईशान किशन ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने से किया इंकार
ESPNCricinfo के मुताबिक BCCI ने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बीच में बुलाया और टीम में शामिल होने की सलाह दी क्योंकि केएस भरत तब तक खुद को बल्ले से साबित करने में नाकाम रहे थे। हालांकि ईशान ने कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए तैयार नहीं थे, जिसके बाद चयन समिति ने ध्रुव जुरेल को डेब्यू करवाने का का फैसला किया।
23 वर्षीय खिलाड़ी ने सीरीज के तीसरे और चौथे टेस्ट में असाधारण प्रदर्शन किया है और टेस्ट टीम में अपना स्थान बरकरार रखने की संभावना है। ध्रुव जुरेल धर्मशाला में होने वाले आखिरी टेस्ट मैच में भी खेलते हुए नजर आएंगे।
किशन के झारखंड के लिए रणजी ट्रॉफी नहीं खेलने से भी बीसीसीआई के अधिकारी काफी नाराज थे। हेड कोच द्रविड़ ने खासकर क्रिकेटर को घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इस पर भी ध्यान नहीं दिया। बाद में, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने क्रिकेटरों को रणजी ट्रॉफी और घरेलू क्रिकेट के अन्य प्रारूप खेलने की सलाह दी, लेकिन फिर भी वो रणजी ट्रॉफी खेलने नहीं गए।