तमिलनाडु के कोच ने कप्तान आर साई किशोर को ठहराया हार का जिम्मेदार, प्लेयर के सपोर्ट में आए दिनेश कार्तिक
रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में तमिलनाडु को मिली थी मुंबई से मिली थी हार।
अद्यतन - Mar 5, 2024 12:12 pm

दिनेश कार्तिक तमिलनाडु के कप्तान साई किशोर के सपोर्ट में सामने आए हैं, जिन्हें मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के दौरान गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। इस कदम से तमिलनाडु के कोच सुलक्षण कुलकर्णी काफी दुखी हैं और उनका मानना था कि टीम टॉस के समय ही मैच हार गई थी।
तमिलनाडु की टीम काफी समय के बाद सेमीफाइनल में पहुंची थी। हालांकि, टीम को मुंबई के बीकेसी ग्राउंड में खेले गए नॉकआउट मैच में मेजबानों के हाथों हार मिली। इस हार का जिम्मेदार तमिलनाडु की टीम के कोच ने कप्तान साई किशोर को बताया है। कोच सुलक्षण कुलकर्णी ने बताया है कि कप्तान ने उनकी बात नहीं मानी थी और इस वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
तामिलनडु के कप्तान साई किशोर के सपोर्ट में दिनेश कार्तिक का ट्वीट
इसी बीच दिनेश कार्तिक ने साई किशोर के सपोर्ट में सोशल मीडिया पर एक ट्वीट किया है। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि, “यह बहुत गलत है, कोच की ओर से यह बहुत निराशाजनक है.. उस कप्तान का समर्थन करने के बजाय, जिसने 7 साल बाद टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया है और यह सोचकर कि यह अच्छी चीजों के होने की शुरुआत है, कोच ने अपने कप्तान और टीम को पूरी तरह से बाहर कर दिया है।”
कोच कुलकर्णी ने मैच हारने के बाद बयान देते हुए कहा था कि, हम सेमीफाइनल पहले दिन सुबह 9 बजे ही हार गए थे, क्योंकि टीम के कप्तान साई किशोर ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। तमिलनाडु की टीम पहली पारी में 146 रन बनाकर ढेर हो गई थी। इसके बाद मुंबई की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी और 100 रनों के करीब 7 विकेट खो दिए थे।
हालांकि, शार्दुल ठाकुर ने शतक जड़ा और टीम को 378 तक पहुंचाया। इस तरह पहली पारी के आधार पर मुंबई को 232 रनों की बढ़त मिली, लेकिन तमिलनाडु की टीम दूसरी पारी में 162 रन बनाकर ढेर हो गई और मुकाबला पारी और 70 रनों के अंतर से हार गई। उस जीत के साथ मुंबई 48वीं बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही।