तो इस तरह बदला था मिचेल स्टार्क का खेल, गेंदबाज ने किया बड़ा खुलासा
34 वर्षीय खिलाड़ी लगातार अपना 7वां टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार है।
अद्यतन - Mar 6, 2024 12:33 pm

ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने अपने खेल को लेकर बड़ा बयान दिया है। साथ ही उन्होंने उस घटना के बारे में भी बताया है जिसने उनके खेल पर बड़ा प्रभाव डाला था।
गौरतलब है कि इस समय स्टार्क न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा हैं। तो वहीं जब वह कीवी टीम के खिलाफ 8 मार्च से दूसरा टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च में खेलने उतरेंगे तो यह उनका इस फाॅर्मेट में लगातार 7वां मैच होने वाला है। बहुत कम बार देखा गया कि कोई तेज गेंदबाज इतनी निरंतरता के साथ टेस्ट फाॅर्मेट खेलता हुआ नजर आता है।
हालांकि, स्टार्क ने अपने 14 साल के इंटरनेशनल करियर के बाद खुद को इस तरह से ढाल लिया है। बता दें कि स्टार्क ऑस्ट्रेलिया की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा (354) विकेट लेने के मामले में चौथे नंबर पर मौजूद हैं। स्टार्क से आगे महान शेन वाॅर्न, ग्लेन मैग्रा और नाथन लियोन हैं।
मिचेल स्टार्क ने अपने खेल को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट मैच खेलने से पहले मिचेल स्टार्क ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से कहा- यह साल 2010 की बात है, मैं अभी भी सीख रहा था। उस समय जब चोट लगी तो रिपोर्ट्स फिजियो के साथ कोचों तक भी पहुंच गई थी।
स्टार्क ने आगे कहा- उस समय मुझसे कहा गया था, आप इसे थोड़ा सख्ती से लें। उस समय कोच टिम्मी नीलसन ने मुझे मेरे शुरूआती दौर के बारे में बताया। कई बार चोट को लेकर आपको मेडिकल स्टाफ के साथ ईमानदार होने की जरूरत होती है, लेकिन कई बार आपको पता लग जाता है कि आपको आगे कैसे जाना है।
लेकिन इंजरी से रिहैब के समय आप बहुत सारे अन्य काम करते हैं जो लोग या फैंस नहीं देखते हैं। छोटी-छोटी परेशानियों से निपटना कई लोगों के लिए बहुत दुखद होता है। लेकिन मुझे लगता है कि इन परेशानियों से निपटना अनुभव के साथ आ जाता है। इसके बाद आप टीम में अपनी भूमिका से प्रभाव डालने और निभाने के तरीके ढूंढ लेते हैं।