गुजरात टाइटंस को मिल गया उनका नया फिनिशर, हेड कोच आशीष नेहरा ने भूमिका के लिए इस खिलाड़ी को चुना
गुजरात टाइटंस ने तमिलनाडु के इस बल्लेबाज को 7.40 करोड़ रुपये में खरीदा
अद्यतन - Mar 17, 2024 4:41 pm

आईपीएल 2024 के आगाज होने में अब कुछ दिन शेष है। लेकिन इससे पहले गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने फिनिशर के रोल को लेकर अपना स्टैंड क्लीयर कर लिया है। फ्रेंचाइजी के हेड कोच आशीष नेहरा (Ashish Nehra) ने कहा कि तमिलनाडु के विस्फोटक बल्लेबाज शाहरुख खान (Shahrukh Khan) आईपीएल के आगामी संस्करण में GT के लिए फिनिशर की भूमिका निभाएंगे।
आपको बता दें कि शाहरुख खान को पंजाब किंग्स ने पहली बार 2021 में 5.25 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। इसके बाद आईपीएल 2022 से पहले मेगा नीलामी ने पंजाब ने उन्हें 9 करोड़ रुपये के भारी भरकम रकम पर खरीदा। हालांकि, वह अपनी काबिलियत के साथ न्याय नहीं कर सके। फ्रेंचाइजी ने शाहरुख को 2024 मिनी ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया। और फिर गुजरात टाइटंस ने तमिलनाडु के इस बल्लेबाज को 7.40 करोड़ रुपये में खरीद लिया।
शाहरुख खान होंगे इस सीजन ‘मेन एक्टर’
अब टूर्नामेंट शुरू होने से पहले नेहरा ने टीम में फिनिशर्स के बारे में सवाल पूछे जाने पर जवाब देते हुए कहा, ‘हम शाहरुख खान को ‘मेन एक्टर’ बनते हुए देखने जा रहे हैं।’
आशीष नेहरा ने कहा कि, आईपीएल एक लंबा टूर्नामेंट है। ऐसा नहीं है कि हम सिर्फ चार, पांच मैच खेल रहे हैं। मई-जून में परिस्थितियां भी कठिन है। यह खिलाड़ियों खासकर तेज गेंदबाजों के लिए कठिन होगा। इंजरी भी हो सकती है। इसलिए हमारे पास जितने खिलाड़ी हैं, वो महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि, हमारे पास अनुभवी खिलाड़ी हैं। स्पेंसर जॉनसन, अगर आप देखें, जहां भी वह खेलें अच्छा प्रदर्शन किया। अजमतुल्लाह उमरजई, ऑलराउंडर के रूप में उनके पास सभी स्किल्स है। हमें उम्मीद है कि उनके लिए एक शानदार आईपीएल होगा।
आईपीएल के आगामी सीजन में गुजरात टाइटंस शुभमन गिल की कप्तानी में खेलेगा। वहीं हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस में जाने के बाद फिनिशर का रोल अब शाहरुख निभाते हुए नजर आएंगे। शाहरुख ने अभी तक टूर्नामेंट में 31 पारियों में 426 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 20.29 का और स्ट्राइक रेट 134.81 का रहा है।