IPL 2024: राजस्थान राॅयल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट हराकर लगाई जीत की हैट्रिक, ट्रेंट बोल्ट चमके - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2024: राजस्थान राॅयल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट हराकर लगाई जीत की हैट्रिक, ट्रेंट बोल्ट चमके

राजस्थान के लिए चहल और बोल्ट ने झटके 3-3 विकेट

Mumbai Indians vs Rajasthan Royals (Image Credit- Twitter X)
Mumbai Indians vs Rajasthan Royals (Image Credit- Twitter X)

आईपीएल के जारी 17वें सीजन का 14वां मैच आज 1 अप्रैल, सोमवार को मुंबई इंडियंस और राजस्थान राॅयल्स (MI vs RR) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि इस मैच में राजस्थान ने मुंबई को 6 विकेट से एकतरफा अंदाज में हरा दिया है।

मुंबई के खिलाफ उनके होम ग्राउंड पर राजस्थान को जीत दिलाने में उनके गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। राजस्थान की यह जारी आईपीएल सीजन में लगातार तीसरी जीत है और इस जीत के साथ वह पाॅइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।

मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान राॅयल्स मैच का हाल

मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो राजस्थान राॅयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके गेंदबाजों ने एकदम सही कर दिखाया। राजस्थान के गेंदबाजों ने पावरप्ले के अंदर ही मुंबई के चार विकेट झटक लिए। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा और नमन धीर को गोल्डन डक पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस भी बिना खाता खोले आउट हो गए।

हालांकि, बीच में मुंबई के लिए तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने चौथे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर, टीम के लिए उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन चहल ने 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक (34) को आउट कर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया।

तिलक भी 32 रन बनाकर चहल की गेंद पर अश्विन के हाथों कैच आउट हुए। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 125 रन बनाए। राजस्थान के लिए गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल को 3-3 विकेट मिले। इसके अलावा नंद्रे बर्गर को 2 और आवेश खान को 1 विकेट मिला।

इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने मुंबई से मिले 126 रनों के टारगेट को 15.3 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। राजस्थान के लिए रियान पराग ने 54* रनों की शानदार पारी खेली।

close whatsapp