“सिर्फ सैलरी लेने आएंगे…” मनोज तिवारी ने RCB के इन दो खिलाड़ियों पर लगाए गंभीर आरोप
RCB की टीम आईपीएल 2024 में 4 में से सिर्फ 1 मैच ही जीत पाई है।
अद्यतन - Apr 3, 2024 5:52 pm

आईपीएल 2024 का 15वां मैच मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में लखनऊ ने बैंगलोर को 28 रनों से हरा दिया। इस मैच में RCB के स्टार ऑलराउंडर ने एक बार फिर टीमों को निराश किया। ऐसे में मनोज तिवारी ने मैक्सवेल की आलोचना की है।
ऑस्ट्रेलियाई स्टार ने इस सीजन में लगातार खराब प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2 मैचों में खाता भी नहीं खोला है। उन्होंने चार मैचों में 0, 3, 28 और 0 रन बनाए हैं। उनके खराब प्रदर्शन का असर RCB के प्रदर्शन पर पड़ा है। टीम 4 में से सिर्फ 1 मैच ही जीत पाई है।
मैक्सवेल RCB का भरोसा तोड़ रहे हैं- मनोज तिवारी
आईपीएल के 17वें सीजन से पहले आरसीबी को सबसे मजबूत बल्लेबाजी क्रम वाली टीमों में से एक माना जा रहा था, लेकिन अब तक बैंगलोर की टीम ने अपने प्रशंसकों को निराश किया है। भारत के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी ने ग्लेन मैक्सवेल की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि मैक्सवेल सिर्फ अपनी सैलरी लेते हैं। वह टीम के लिए प्रदर्शन न करके RCB का भरोसा तोड़ रहे हैं।
अनुज रावत ध्यान नहीं दे रहे- मनोज तिवारी
तिवारी ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, “RCB को हमेशा देखा गया है कि एक बैटिंग हेवी टीम है लेकिन इस समय ना बल्लेबाज रन बना रहे हैं और ना गेंदबाज उबर कर आ रहे हैं। और आप देखें मिडल ऑर्डर में अनुज रावत, पहले मैच इतनी बढ़िया परफॉरमेंस रही थी उनकी लेकिन टेम्परमेंट के मुताबिक वो पारी को तेज नहीं कर पा रहे हैं।”
“समझ सकते हैं कि उभरते हुए खिलाड़ी हैं लेकिन ऐसे हालात में इतने बड़े-बड़े खिलाड़ियों के साथ वक्त बिताने के बाद भी अगर आप नहीं सीख पा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि ध्यान कहीं और जा रहा है। खास कर बड़े बल्लेबाजों को जब टीम रिटेन करती हैं, जैसे ग्लेन मैक्सवेल, सैलरी तो इनकी समय-समय पर जाती है लेकिन परफॉर्मेंस नहीं आती है।”