“भारत आना मतलब, एक अलग दुनिया में कदम रखने जैसा है”- डेब्यू में अर्धशतक लगाने के बाद बोले जैक फ्रैजर मैकगर्क
IPL में अपने डेब्यू LSG के खिलाफ मैच में जैक फ्रैजर मैकगर्क ने लगाया अर्धशतक।
अद्यतन - अप्रैल 13, 2024 12:29 अपराह्न

12 अप्रैल को IPL 2024 का 26वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दिल्ली ने LSG के खिलाफ छह विकेट से आसान जीत दर्ज की। इस मैच में DC की जीत के हीरो कुलदीप यादव और डेब्यूडेंट बल्लेबाज जैक फ्रैजर मैकगर्क रहे। कुलदीप ने जहां गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए, वहीं मैकगर्क ने अपने डेब्यू मैच में ही अर्धशतक लगाया।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए मैकगर्क के बल्ले से 35 गेंदों में 55 रन निकले। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के ठोके। उन्होंने पृथ्वी शॉ (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 और कप्तान ऋषभ पंत (41) के संग तीसरे विकेट के लिए 77 रन की अहम साझेदारी की। दिल्ली ने 168 रनों का लक्ष्य 11 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।
भारत में आईपीएल खेलने को लेकर फ्रेजर मैकगर्क ने कही दिल की बात
आईपीएल डेब्यू में यादगार पारी खेलने के बाद 22 वर्षीय मैकगर्क ने मीडिया के सामने दिल की बात कही। उन्होंने मैच के बाद भारत की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत में आईपीएल में जैसे शानदार माहौल है, वैसा कभी अनुभव नहीं किया। उन्होंने मैच के बाद कहा, “मैंने पिछले पांच-छह बाहर बैठकर बिताए हैं और मैदान पर उतरने के लिए उत्सुक रहा। मैं पहला गेम जीतने पर बेहद खुश हूं। मैंने बस गेंद को देखा और उसके अनुसार उसे खेला, यही मैं पिछले 12 महीनों से कर रहा हूं और इसे क्यों ही बदलूं?”
मैकगर्क से पूछा गया कि उनका सबसे ज्यादा पसंदीदा शॉट कौन-सा रहा तो कंगारू बल्लेबाज ने कहा, ”मुझे कवर के ऊपर का शॉट बहुत पसंद आया। मैं आमतौर पर ऑफ साइड पर इतने ज्यादा शॉट नहीं मारता। मुझे लगता है कि यह कुछ ऐसा है जिसे मैं सीखना जारी रखूंगा। अपने स्ट्राइक रेट और साथ ही स्ट्राइक रोटेट करने पर फोकस कर रहा हूं। मेरा मानना है कि यह एक स्किल है जो अनुभव के साथ आएगी और ज्यादा मैच खेलने से निश्चित रूप से इसमें मदद मिलेगी।”
अंत में उन्होंने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि, ”मैं यहां (भारत में आईपीएल खेलना) आकर रोमांचित हूं। यह एक अलग दुनिया में कदम रखने जैसा है। मैंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा। प्रत्यक्ष अनुभव शानदार रहा है। भारत में बेहतरीन वक्त गुजर रहा है।”