PBKS vs RR: 10 गेंदों में 270 की स्ट्राइक रेट से 27 रन ठोक Shimron Hetmyer ने जीता प्लेयर ऑफ द मैच - क्रिकट्रैकर हिंदी

PBKS vs RR: 10 गेंदों में 270 की स्ट्राइक रेट से 27 रन ठोक Shimron Hetmyer ने जीता प्लेयर ऑफ द मैच

पंजाब किंग्स के खिलाफ शिमरन हेटमायर ने 10 गेंदों में 27 रन की नाबाद पारी खेल टीम को जीत दिलाई।

Shimron Hetmyer (Photo Source: BCCI/IPL)
Shimron Hetmyer (Photo Source: BCCI/IPL)

IPL 2024, PBKS vs RR: Shimron Hetmyer Won POTM Award: आईपीएल 2024 के 27वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर सीजन की पांचवीं जीत दर्ज की। राजस्थान रॉयल्स ने इस जीत के बाद 10 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पकड़ और मजबूत बना ली है।

मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए थे इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने एक गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य का पीछा किया। राजस्थान की इस जीत के हीरो रहे शिमरन हेटमायर (Shimron Hetmyer), जिन्होंने 10 गेंदों में 27 रनों की नाबाद पारी खेली। शिमरन हेटमायर को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।

Shimron Hetmyer ने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़ दिलाई RR को जीत

पंजाब किंग्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स को ठीक-ठाक शुरुआत मिली थी, टीम ने पहला विकेट 56 के स्कोर पर गंवाया था। लेकिन फिर पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने वापसी की, और राजस्थान लगातार विकेट गंवाती चली गई। यशस्वी जायसवाल (39), संजू सैमसन (18), रियान पराग (23) और ध्रुव जुरेल (6) सस्ते में पवेलियन लौट गए। 19वें ओवर में सैम करन ने रोवमेन पॉवेल (11) और केशव महाराज (1) को पवेलियन का रास्ता दिखाया।

शिमरन हेटमायर (Shimron Hetmyer) क्रीज पर मौजूद थे, और सारी जिम्मेदारी उन पर थी। आखिरी ओवर में राजस्थान रॉयल्स को जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी। अर्शदीप सिंह ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन हेटमायर ने अपना पावर दिखाते हुए दो शानदार छक्के जड़े और टीम को जीत दिलाई। शिमरन हेटमायर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 10 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 27 रनों की नाबाद पारी खेली।

दबाव शुरुआत में रहता है- शिमरन हेटमायर

पंजाब किंग्स के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर शिमरन हेटमायर (Shimron Hetmyer) ने अपनी आक्रमक बल्लेबाजी पर बात करते कहा,

यह सिर्फ प्रैक्टिस है, मैं नेट्स पर छक्के मारने की पूरी कोशिश करता हूं। मुझे खुशी है कि मैंने आज अपनी टीम की मदद की। दबाव शुरुआत में रहता है लेकिन फिर मैं अपनी चीजों को लेकर स्पष्ट रहता हूं। मैंने बौल्टी (ट्रेंट बोल्ट) से बात की, मैंने कहा कि मैं एक सिंगल (अंतिम गेंद पर) लेने की पूरी कोशिश करूंगा, भले ही हम मैच न जीतें लेकिन कम से कम टाई कर सकेंगे। 

close whatsapp