नेहल वढेरा मुंबई और भारत के लिए कई वर्षों तक खेलेंगे: हार्दिक पांड्या
वढेरा ने कल आईपीएल में LSG के खिलाफ विषम परिस्थितियों में MI के लिए उपयोगी पारी खेली थी।
अद्यतन - May 1, 2024 12:12 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान और आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाल रहे हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने टीम के युवा खिलाड़ी नेहल वढेरा को लेकर बड़ा बयान दिया है। पांड्या का कहना है कि वे मुंबई और भारत के लिए कई वर्षों तक खेल सकते हैं।
बता दें कि जारी IPL 2024 में नेहल ने कल लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपनी टीम के लिए एक उपयोगी पारी खेली थी। मुंबई की बल्लेबाजी के टाॅप 5 बल्लेबाजों के फेल होने के बाद वढेरा ने मिडिल ऑर्डर में 46 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसकी अब हार्दिक पांड्या तारीफ करते हुए नजर आए हैं।
नेहल वढेरा को लेकर हार्दिक पांड्या ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि कल 30 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच मैच खत्म होने के बाद हार्दिक पांड्या ने नेहल वढेरा को लेकर पोस्ट मैच के दौरान कहा- उन्होंने (नेहल वढेरा) राजस्थान के खिलाफ और आज रात जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह शानदार है।
उन्होंने पिछले साल भी शानदार प्रदर्शन किया था। टीम कॉम्बिनेशन की वजह से ही वह टीम के लिए शुरुआत में जल्दी नहीं खेल सके थे। उनके टैलेंट को देखते हुए मैं कह सकता हूं कि वह कई वर्षों तक मुंबई और अंततः भारत के लिए खेलेंगे।
IPL में नेहल वढेरा का प्रदर्शन
नेहल वढेरा जारी आईपीएल में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी का मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा के साथ एक अहम हिस्सा है। तो वहीं आईपीएल में उनके प्रदर्शन के बारे में आपको जानकारी दें तो वह अब तक पांच बार की चैंपियन मुंबई के लिए 14 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 241 रन बनाए हैं। हालांकि, वह मुंबई की बल्लेबाजी में काफी नीचे बल्लेबाजी करने के लिए आते हैं। इस वजह से उनकी छोटी और कैमियो पारी आने वाले समय में टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।