“विराट ओपन करें….. रोहित नंबर तीन पर…..”- T20 वर्ल्ड कप से पहले पूर्व क्रिकेटर ने दी अजीबोगरीब सलाह
रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों हैं टी-20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा।
अद्यतन - मई 3, 2024 5:24 अपराह्न

हाल ही में BCCI ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए टीम इंडिया के 15 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान किया। इस टीम को देखने के बाद अब सभी फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स यह सोचने में व्यस्त है कि इस वर्ल्ड कप के लिए भारत की बेस्ट प्लेइंग XI क्या होगी, कौन ओपनिंग करेगा, कौन मिडिल ऑर्डर में खेलेगा। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने एक हैरान करने वाला बयान दिया है।
आपको बता दें कि,कई दिग्गज क्रिकेटर्स कह चुके हैं कि टी20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली और रोहित शर्मा को पारी का आगाज करना चाहिए, लेकिन पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा की राय सबसे ज्यादा अलग है। उनका मानना है कि टी-20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली के साथ यशस्वी जायसवाल को पारी का आगाज करना चाहिए, जबकि रोहित शर्मा को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए।
रोहित शर्मा को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करनी चाहिए- अजय जडेजा
अजय जडेजा ने जियो सिनेमा पर कहा, ‘मेरे हिसाब से विराट कोहली को पारी का आगाज करना चाहिए। किसको बैटिंग ऑर्डर में नीचे जाना चाहिए? रोहित शर्मा को बैटिंग ऑर्डर में तीसरे नंबर पर आना चाहिए। उनको नंबर तीन पर थोड़ा आराम मिल सकता है और गेम समझने में मदद मिल सकती है।
कप्तान के तौर पर उनके दिमाग में काफी कुछ एक साथ चल रहा होगा। अगर विराट कोहली आपकी टीम में हैं, तो आपको पता है कि कंसिस्टेंसी आपको मिलेगी ही मिलेगी। वह टॉप ऑर्डर में बेस्ट बैटर हैं और पावरप्ले में उन्हें सेटल होने का भी समय मिलेगा। मैंने हमेशा से कहा है कि अगर विराट कोहली टीम में है, तो उन्हें ओपन करना चाहिए।’
आपको बता दें कि, आमतौर पर टी20 इंटरनेशनल में रोहित पारी का आगाज करते हैं, जबकि विराट कोहली नंबर-3 पर बैटिंग करने के लिए आते हैं। भारतीय टीम को टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का अपना पहला मुकाबला 5 जून को खेलना है। लीग मैच में भारत के सभी मैच अमेरिका में खेले जाने हैं।