IPL 2024: ‘रहाणे की भूमिका’ चेन्नई की गुजरात के खिलाफ हार के बाद अजिंक्य रहाणे के प्रदर्शन को लेकर आकाश चोपड़ा
गुजरात ने चेन्नई को 35 रनों से हराया था।
अद्यतन - मई 11, 2024 5:08 अपराह्न

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स टीम में आईपीएल के जारी सीजन में सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे की भूमिका को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी और जाने-माने क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने बड़ा बयान दिया है।
गौरतलब है कि कल 10 मई शुक्रवार को चेन्नई और गुजरात के बीच जारी सीजन का 59वां मैच खेला गया था। बता दें कि इस मैच में CSK को GT के खिलाफ 35 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 231 रन बनाए, तो वहीं जब चेन्नई इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो वह 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 196 रन ही बना पाई।
दूसरी ओर, पिछले कुछ मैचों से रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आ रहे रहाणे भी 5 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर संदीप वरियर के खिलाफ कैच आउट हो गए थे। तो वहीं सीएसके में रहाणे की भूमिका को लेकर अब आकाश चोपड़ा ने बड़ी बात कही है।
रहाणे को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि गुजरात बनाम चेन्नई मैच के खत्म होने के बाद अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक वीडियो के माध्यम से आकाश चोपड़ा ने कहा- आपने इस मैच में रिचर्ड ग्लीसन को नहीं खिलाया, उनकी जगह आपने रचिन रवींद्र को मौका दिया। आप अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करना चाहते थे, रचिन के साथ ओपनिंग करने रहाणे आए। लेकिन फैंस जो सोच रहे थे कि अगर ओपनर के तौर पर रुतुराज डेली रन बना रहे हैं तो वे ओपनिंग करने क्यों नहीं आए।
चोपड़ा ने आगे कहा- अगले ही ओवर की पहली गेंद पर अजिंक्य रहाणे आउट हो गए। इसके बाद रचिन सिंगल लेते हुए रनआउट हो गए थे, इसके बाद सीएसके का स्कोर 10 रन पर 3 विकेट हो गया था। सीएसके टीम में रहाणे की भूमिका को लेकर कोई भी जानकारी नहीं है। आप पता नहीं इतने समय से उनके साथ बने रहने की जिद क्यों कर रहे हो, आप इस मैच में समीर रिज्वी को खिला सकते थे।