IPL 2024: “यह हमारे लिए इस सीजन सबसे बड़ी समस्या रही”- केएल राहुल ने इन पर फोड़ा हार का ठीकरा
LSG को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में मिली 18 रनों से हार।
अद्यतन - May 15, 2024 10:21 am

आईपीएल 2024 में कल (14 मई) दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अहम मुकाबला खेला गया। इस मैच को दिल्ली ने 18 रनों से अपने नाम किया। इस मैच के खत्म होते ही राजस्थान रॉयल्स इस सीजन प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बनी। वहीं दिल्ली और लखनऊ के लिए अब प्लेऑफ में पहुंचना लगभग नामूमिकन हो गया है।
इसी बीच मैच खत्म होने के बाद केएल राहुल ने बताया कि इस पूरे सीजन में उनकी टीम को किन दिक्कतों का सामना करना पड़ा। केएल राहुल ने इस सीजन टीम की सातवीं हार के पीछे का कारण बताया है। राहुल ने माना है कि हमने अच्छी शुरुआत गेंदबाजी में की, लेकिन इसका फायदा नहीं मिला। उन्होंने ये भी कहा है कि हमारे साथ इस सीजन में समस्या रही है कि हम पावरप्ले में विकेट खो देते हैं और इसके बाद संभलना मुश्किल हो जाता है।
केएल राहुल ने बताई अपनी टीम की इस सीजन की सबसे बड़ी कमजोरी
केएल राहुल ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में इस हार को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि पूरे 40 ओवर तक विकेट एक जैसा ही रहा। जब हमने पहले ओवर में जेएफएम (जैक फ्रेजर मैकगर्क) को आउट किया तो हमें इसका फायदा उठाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने – शाई होप और अभिषेक पोरेल – ने काफी इंटेंट दिखाया।
हमने अंतिम छोर पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन 200 का स्कोर पार स्कोर था, हमें इसका पीछा करना चाहिए था। यह पूरे सीजन में हमारे लिए एक समस्या रही है कि हम पावरप्ले में बहुत सारे विकेट खोते रहते हैं, हमें स्टोइनिस और पूरन जैसे खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए कभी भी ठोस शुरुआत नहीं मिलती है, यही बड़ा कारण है कि हम इस स्थिति में हैं।”
बता दें कि, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में पहुंचना अब बहुत ही ज्यादा कठिन हो गया है। हालांकि, टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है, क्योंकि एक मुकाबला अभी बाकी है और टीम के पास 14 अंक हासिल करने का मौका है, लेकिन समस्या ये है कि एलएसजी को विशाल अंतर से राजस्थान रॉयल्स को हराना होगा और अपने नेट रन रेट में सुधार करना होगा।