IPL 2024: मैं रियान पराग के लिए काफी उत्साहित हूं और मुझे उन पर गर्व भी है: शेन बॉन्ड
पंजाब किंग्स के खिलाफ रियान पराग ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 48 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी।
अद्यतन - मई 16, 2024 1:22 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से रियान पराग ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और कई लोगों का दिल जीता है। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में रियान पराग ने राजस्थान के लिए कई महत्वपूर्ण पारी खेली है। 16 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा था।
हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ रियान पराग ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 48 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी। वो राजस्थान की ओर से एकमात्र बल्लेबाज थे जिन्होंने पंजाब किंग्स के गेंदबाजों को परेशान किया था। उनकी इसी बल्लेबाजी की वजह से RR ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 144 रन बनाए। हालांकि पंजाब किंग्स ने इस मैच को 5 विकेट रहते हासिल कर लिया।
रियान पराग ने इस सीजन के पहले पिछले पांच संस्करणों में एक बार भी 200 रनों का आंकड़ा पार नहीं किया था। हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ 48 रनों की पारी खेलने के दौरान उन्होंने इस सीजन 500 रनों का आंकड़ा पार किया और वो अपनी टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने भी रियान पराग की बल्लेबाजी को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रियान पराग की जमकर प्रशंसा की और यह भी कहा कि उन्हें शानदार बल्लेबाज के लिए काफी खुशी होती है। रियान पराग ने आईपीएल 2024 में नंबर 4 पर बेहतरीन बल्लेबाजी की है।
रियान पराग क्वालिटी खिलाड़ी है: शेन बॉन्ड
शेन बॉन्ड ने कहा कि, ‘रियान पराग क्वालिटी खिलाड़ी है और इसमें कोई भी शक नहीं है। मैं उनके लिए काफी उत्साहित हूं और मुझे उन पर गर्व भी है। उन्होंने इस सीजन काफी अच्छी तरह से मुकाबले खेले हैं। टीम भी उनके लिए काफी उत्साहित है। जो भी दबाव आलोचकों ने उनके ऊपर पिछले कुछ संस्करणों में डाला था उन्होंने इसका जवाब काफी अच्छी तरह से दिया है। रियान पराग ने नंबर चार के क्रम को अपना बना लिया है।
उनके लिए यह सीजन अभी तक काफी अच्छा गया है। हमने उन्हें नंबर चार पर प्रमोट किया और उन्होंने उसे पूरी तरह से अपना बना लिया। वो अभी भी काफी युवा बल्लेबाज है और मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में पराग अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी छाप जरूर छोड़ेंगे।’