RCB ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली टीम बनी, किया टूर्नामेंट के इतिहास सबसे शानदार कमबैक
CSK को हराकर RCB ने दर्ज की इस सीजन की लगातार छठी जीत।
अद्यतन - मई 19, 2024 11:53 पूर्वाह्न

IPL 2024 का जब पहला स्टेज खत्म हुआ था तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर पाएगी। दरअसल शुरुआती सात मैच खत्म होने के बाद आरसीबी सिर्फ एक मैच ही जीत पाई थी। जिसके बाद हर किसी ने उनके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद छोड़ दी थी।
लेकिन उसके बाद जिस तरह से बेंगलुरु के प्लेयर्स ने वापसी की है, उसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी। आरसीबी ने आईपीएल 2024 के 68वें मुकाबले में 5 बार की चैंपियन सीएसके को 27 रनों से हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया। आरसीबी इसी के साथ आईपीएल के इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने सीजन के पहले 7 में से 6 मुकाबले हारने के बाद प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया हो।
पहले 7 मैच में से RCB को छह में मिली थी हार
जी हां, आज तक इस टूर्नामेंट के इतिहास में कोई और टीम ऐसा नहीं कर पाई है। आरसीबी का यह टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा कमबैक रहा है। बता दें कि, पहले हाफ में टीम ने 7 में से 6 मुकाबले गंवाए थे, वहीं 8वें मैच में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। एक समय ऐसा था जब टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें पायदान पर थी और उनपर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा था। तब टीम ने ऐसी लय पकड़ी कि बैक टू बैक 6 मुकाबले जीते और प्लेऑफ का टिकट हासिल किया।
इसी के साथ RCB एक सीजन में लगातार 6 हार झेलने के साथ लगातार 6 मुकाबले जीतने वाली पहली टीम बन गई है। जी हां, आज तक ऐसा भी कोई टीम नहीं कर पाई है। इससे पहले 2010 में डेक्कन चार्जर्स, 2020 में पंजाब किंग्स और 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद ने एक सीजन में लगातार 5 मैच जीतने के साथ इतने ही मुकाबले हारे थे।
अगर टीम प्लेऑफ में पहले एलिमिनेटर और फिर क्वालीफायर-2 जीतने में कामयाब रहती है तो उनके नाम लगातार 8 मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। वहीं अगर टीम फाइनल जीतकर इतिहास रचती है तो आरसीबी जीत की ट्रिपल हैट्रिक भी लगा सकती है।