“यह एक ऐसा दिन है जिसे मैं हमेशा मुस्कुराहट के साथ याद रखूंगा”- रतन टाटा से मिलने के बाद बोले सचिन तेंदुलकर
रतन टाटा से मुलाकात की तस्वीरें सचिन तेंदुलकर ने अपने सोशल मीडिया पर साझा की।
अद्यतन - मई 22, 2024 3:13 अपराह्न

महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हाल ही में रतन टाटा से मिले। भारत के पूर्व बल्लेबाज ने इंस्टाग्राम पर रतन टाटा के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई। इसके साथ ही सचिन ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मुलाकात के दौरान रतन टाटा से किन मुद्दों पर बातचीत की। तेंदुलकर ने खुलासा किया कि रतन टाटा के साथ उनकी बातचीत अमूल्य थी।
रतन टाटा से मिलकर काफी ज्यादा खुश हुए सचिन तेंदुलकर
सचिन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 86 वर्षीय रतन टाटा के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा, ”एक यादगार बातचीत। लास्ट संडे यादगार रहा क्योंकि मुझे मिस्टर टाटा के साथ वक्त बिताने का मौका मिला। हमने ऑटोमोबाइल के प्रति हमारे प्यार, समाज को वापस देने की हमारी प्रतिबद्धता, वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन के लिए पैशन और हमारे प्यारे दोस्त के प्रति स्नेह के बारे में स्टोरीज और बातें साझा कीं।
इस तरह की बातचीत बेशकीमती है और हमें उस खुशी और इम्पैक्ट की याद दिलाती है जो हमारा पैशन जिंदगी में ला सकता है। यह एक ऐसा दिन है जिसे मैं हमेशा मुस्कुराहट के साथ याद रखूंगा।” सचिन के इस पोस्ट से साफ़ नजर आ रहा है कि वो रतन टाटा से मिलने के बाद काफी ज्यादा खुश हैं।
हाल ही में, टीम इंडिया के कप्तानों की तीन पीढ़ियां एक साथ नजर आए। दरअसल रोहित शर्मा, एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान एक विज्ञापन के लिए एकत्र हुए थे। तीनों ने म्यूचुअल फंड जागरूकता के लिए साथ में एक एड किया और यह तेजी से पूरे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
उस एड में रोहित के भुलक्कड़ स्वभाव का उपयोग करते हुए यह संदेश दिया गया है कि जब कोई अपने करियर में बहुत व्यस्त हो तब भी म्यूचुअल फंड से जुड़ी वित्तीय योजना की उपेक्षा न करें। किसी को यह नहीं भूलना चाहिए कि इन्वेस्टिंग ही मुख्य विषय है और धोनी तथा तेंदुलकर इसके प्रति तत्पर रहने के लिए रोहित की प्रशंसा करते हैं।