“IPL का फॉर्म मायने नहीं रखता है, वो टी20 वर्ल्ड कप में….”- ग्लेन मैक्सवेल को लेकर उस्मान ख्वाजा ने दिया बड़ा बयान
टी20 क्रिकेट आसान नहीं है, वह (ग्लेन मैक्सवेल) फॉर्म में वापस आने से बस एक अच्छी पारी ही दूर है- उस्मान ख्वाजा
अद्यतन - May 29, 2024 1:35 pm

आईपीएल 2024 में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल का प्रदर्शन काफी ज्यादा खराब रहा है। मैक्सवेल 9 मैचों में 5.78 के खराब औसत और 120.93 के स्ट्राइक रेट से मात्र 52 रन ही बना पाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बीच सीजन ग्लेन मैक्सवेल को प्लेइंग 11 से बाहर निकालकर इंग्लैंड के विल जैक्स को टीम में शामिल किया था।
नेशनल ड्यूटी के चलते विल जैक्स के इंग्लैंड लौटने के बाद मैक्सवेल को वापस से प्लेइंग 11 में जगह मिली, लेकिन वह अपना योगदान दे पाने में असफल रहे। ग्लेन मैक्सवेल अब टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए नजर आएंगे, लेकिन उनका खराब फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ है।
हालांकि मैक्सवेल के साथी खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा का मानना है कि आईपीएल के खराब फॉर्म से उबर कर मैक्सवेल वर्ल्ड कप में टीम के लिए शानदार खेल दिखाएंगे।
मैक्सी ने खुद को बार-बार साबित किया है- उस्मान ख्वाजा
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा का मानना है कि ग्लेन मैक्सवेल अपने बेस्ट फॉर्म में वापस आने से सिर्फ एक अच्छी पारी से ही दूर है। ख्वाजा ने West Australian पर बात करते हुए कहा, ‘आईपीएल फॉर्म बिल्कुल भी मायने नहीं रखता है। मैक्सी ने खुद को बार-बार साबित किया है। कोई भी खिलाड़ी जिसने लंबे समय तक प्रदर्शन किया है, वह समझता है कि आप हर बार वहां जाकर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकते।’
उस्मान ख्वाजा ने आगे कहा, ‘आप कुछ जोखिम लेते हैं, खासकर यदि आप मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, और टी20 क्रिकेट आसान नहीं है। वह फॉर्म में वापस आने से बस एक अच्छी पारी ही दूर है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अतीत में क्या हुआ था। वह अपना खेल नहीं बदलने वाला है और न ही उसे ऐसा करना चाहिए। बस आगे बढ़ते रहना है, वह अपना फॉर्म ढूंढ लेगा।’
ग्लेन मैक्सवेल अब तक टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम से नहीं जुड़े हैं। वहीं आपको बता दें कंगारू टीम ने अपने पहले वॉर्म मैच में नामिबिया को 7 विकेट से हराया है।