मुझे लगता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम की ओर से विराट कोहली और….: वसीम जाफर ने बल्लेबाजी लाइनअप को लेकर रखा अपना पक्ष
वसीम जाफर के मुताबिक आगामी टूर्नामेंट में विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम की ओपनिंग करनी चाहिए।
अद्यतन - मई 29, 2024 2:32 अपराह्न

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत 2 जून से हो रही है। इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की भी घोषणा हो चुकी है। यही नहीं भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने आगामी टूर्नामेंट के लिए अभ्यास भी शुरू कर दिया है। टीम के सभी खिलाड़ी काफी अच्छे फॉर्म में है और आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी को वो अपने नाम जरूर करना चाहेंगे।
हालांकि इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने टीम की बल्लेबाजी लाइनअप को लेकर अपना पक्ष रखा है। वसीम जाफर के मुताबिक आगामी टूर्नामेंट में विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम की ओपनिंग करनी चाहिए जबकि रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को नंबर 3 और नंबर चार पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। उनके मुताबिक रोहित शर्मा स्पिन काफी अच्छी तरह से खेलते हैं और यही वजह है कि उन्हें ओपनिंग की जगह अपने नए बल्लेबाजी स्थान पर खेलना चाहिए।
वसीम जाफर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि, ‘टी20 वर्ल्ड कप 2024 में विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल को ओपनिंग करनी चाहिए। रोहित शर्मा स्पिन काफी अच्छी तरह से खेलते हैं और इसी वजह से उन्हें नंबर तीन पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। सूर्यकुमार यादव नंबर 4 के लिए सबसे अच्छे विकल्प रहेंगे।’
यह रहा वसीम जाफर का ट्वीट:
Kohli & Jaiswal should open in the World Cup imo. Rohit & SKY should bat 3&4 depending on the start we get. Rohit plays spin really well so batting at 4 shouldn't be a concern. #T20WorldCup #INDvPAK #INDvIRE pic.twitter.com/nMgwwaDNXb
— Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) May 29, 2024
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से विराट कोहली ने टीम की ओपनिंग की थी और ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। ओपनर के रूप में विराट कोहली का प्रदर्शन आईपीएल में काफी अच्छा रहा है। यही नहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी भारतीय टीम की ओर से टी20 क्रिकेट में विराट कोहली ओपनिंग कर चुके हैं।
रोहित शर्मा की बात की जाए तो आईपीएल 2024 में उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी लेकिन वो लगातार बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे। फिलहाल ऐसा कहा जा सकता है कि आगामी टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा को ही टीम की ओपनिंग करते हुए देखा जाएगा। अब टीम मैनेजमेंट बल्लेबाजी लाइनअप को लेकर क्या फैसला लेती है यह देखना बेहद ही जरूरी होगा।