रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 41 गेंदों पर 224.39 की स्ट्राइक रेट से 92 रनों की पारी खेली थी, जिसमें आठ छक्के और सात चौके शामिल थे। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने ओपनिंग पार्टनर विराट कोहली के शून्य पर आउट होने के बाद आक्रामक रूख अपनाया। नर्वस 90 में आउट होने से पहले इस सीनियर खिलाड़ी ने आक्रामक क्रिकेट खेलना जारी रखा। उनकी उस पारी के बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से हरा दिया।
रोहित शर्मा की तारीफ में मोहम्मद हफीज ने कह दी बड़ी बात
X पर शेयर किए गए एक वीडियो में मोहम्मद हफीज ने कहा कि, “अगर आप फ्रंट से लीड करने की बात कह रहे हैं, तो सिर्फ एक चीज, रोहित की क्वॉलिटी से किसी को शक नहीं था, एक चीज उन्होंने बदली, वो था सेल्फलेस अप्रोच, जिस तरह से उन्होंने इस मैच के साथ खुद को निखारा है। वो बहुत अच्छे प्लेयर थे, लेकिन अब वो बहुत ही अच्छे जोन में चले गए हैं। सिर्फ अपने अंदर सेल्फलेस अप्रोच लाकर।”
हफीज ने कहा कि रोहित का यह अप्रोच एक साल से करीब चले आ रहा है। उन्होंने आगे कहा, ‘ये जो पारी है, ये जो खेलने का तरीका है, इन्होंने पिछले साल से इसकी प्लानिंग की है और उसके हिसाब से इसे एक्जिक्यूट करना शुरू किया। अगर आप पिछला 50 ओवर वर्ल्ड कप देखेंगे, तो उन्होंने इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया था।
उनकी पारी की सबसे खास बात थी कि वो किसी माइलस्टोन के बारे में नहीं सोचते हैं। मैच के बाद भी उन्होंने कहा कि 50 और 100 से फर्क नहीं पड़ता है। क्योंकि उन्हें पता है कि वो क्या चाहते हैं, उनको अपने नाम पर 100 शतक नहीं चाहिए, वो चैंपियन क्रिकेटर बनना चाहते हैं, जो हमेशा से आईसीसी ट्रॉफी जीतने के लिए याद किया जाए।’