SL vs IND 2024, 1st ODI Stats Review: देखें श्रीलंका बनाम भारत पहले वनडे मैच में बने रिकाॅर्ड्स व स्टैट्स
श्रीलंका और भारत के बीच पहला वनडे मैच टाई पर खत्म हुआ है।
अद्यतन - Aug 3, 2024 5:35 pm

SL vs IND 2024, 1st ODI Stats Review: भारत और श्रीलंका (SL vs IND) के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 2 अगस्त को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि यह लो स्कोरिंग मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ है। इसके साथ ही इस मैच में कुछ खास रिकाॅर्ड और स्टैट्स में भी बने। इस आर्टिकल के जरिए एक नजर डालिए उन रिकॉर्ड्स व आंकड़ों पर।
मुकाबले में श्रीलंका ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 231 रनों का टारगेट भारत के सामने जीत के लिए रखा। श्रीलंका की ओर से पथुम निसांका ने 56 तो दुनिथ वेल्लालेग ने 67* रनों की पारी खेली।
इसके जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 47.5 ओवर में 230 रनों पर सिमट गई और मैच बराबरी पर खत्म हुआ। मेन इन ब्लू की ओर से कप्तान रोहित शर्मा (58) के अलावा और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। एक समय लग रहा था कि भारत मैच को आसानी से अपने नाम कर लेगा, लेकिन मेजबान टीम ने बेहतरीन वापसी कर मैच को टाई कराया।
मैच में बने ये खास रिकाॅर्ड व स्टैट्स
10 – रोहित शर्मा दुनिया के 10वें और भारत के तीसरे ओपनर बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने सलामी बल्लेबाजी करते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में 15 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। रोहित से पहले महान सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ऐसा कर चुके हैं।
1 – मुकाबले में एक छक्का लगाते ही रोहित ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में इयोन माॅर्गन को पीछे छोड़ दिया है। रोहित के नाम 234 छक्के तो माॅर्गन के नाम 233 छक्के हैं।
10 – बता दें कि जब यह मैच बराबरी या टाई पर खत्म हुआ तो यह भारत के इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में कुल 10वां टाई मैच था। इसके साथ ही भारत सबसे ज्यादा टाई मैच खेलने के मामले में वेस्टइंडीज के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ गया है।