वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए की 15 सदस्यीय टीम की घोषणा, रफ्तार के सौदागर की हुई टीम में वापसी  - क्रिकट्रैकर हिंदी

वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए की 15 सदस्यीय टीम की घोषणा, रफ्तार के सौदागर की हुई टीम में वापसी 

कैरेबियाई टीम अगस्त में दो टेस्ट मैचों के लिए साउथ अफ्रीका की मेजबानी करेगी

West Indies Cricket Team (Image Credit- Twitter X)
West Indies Cricket Team (Image Credit- Twitter X)

CWI Announce Test Squad for South Africa: वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (CWI) ने अगस्त में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय कैरेबियाई टीम की घोषणा कर दी है। बता दें कि इस टीम में करीब 6 महीने से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज केमार रोच (Kemar Roach) की वापसी हुई है। रोच ने वेस्टइंडीज के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जनवरी में गाबा में खेला था।

अब वह 7 अगस्त से कैरेबियाई धरती पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की कमान क्रैग ब्रैथवेट के हाथों में सौंपी गई है, जबकि विकेटकीपर जोशुआ डि सिल्वा को पहली बार टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।

इस टेस्ट सीरीज में टेस्ट टीम के नियमित उपकप्तान अल्जारी जोसेफ को आराम दिया गया है, जिनका हाल में ही इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में औसत प्रदर्शन रहा था। साथ ही ना सिर्फ जोसेफ का बल्कि पूरी कैरेबियाई टीम का प्रदर्शन ही इंग्लैंड दौरे पर निराशाजनक रहा था। इंग्लैंड ने तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हराया था।

हालांकि, अब इस हार को भुलाकर कैरेबियाई टीम की नजर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच 7 अगस्त से 11 अगस्त के बीच क्वींस पार्क ओवल पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट मैच 15 अगस्त से 19 अगस्त के बीच प्रोवीडेंस स्टेडियम गुयाना में खेला जाएगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय कैरेबियाई टीम:

क्रैग ब्रैथवेट (कप्तान), जोशुआ डि सिल्वा (उप-कप्तान), एलिक अथानेज, टेविन इमलाच, मिकाइल लुइस, केसी कार्टी, जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज, जेसन होल्डर, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, केमार रोच, जायडन सील्स, जोमेल वारिकन, ब्रायन चार्ल्स।

close whatsapp