WI vs SA 1st Test: बारिश के बावजूद चौथे दिन की समाप्ति पर साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज पर कंट्रोल बनाए रखा
चौथे दिन की समाप्ति पर साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज पर 154 रनों की बढ़त बना ली है।
अद्यतन - Aug 11, 2024 4:53 pm

साउथ अफ्रीका इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर है। 7 अगस्त से दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन त्रिनिदाद में खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन के बाद, साउथ अफ्रीका ने मेजबान वेस्टइंडीज पर मजबूत पकड़ बना ली है।
बारिश की वजह से खेल के चौथे दिन सिर्फ 30 ओवर का खेल हो सका। लेकिन इस दौरान साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज की पहली पारी के बचे हुए 6 विकेट हासिल कर लिए। खेल के तीसरे दिन 145/4 का स्कोर बनाने वाले वेस्टइंडीज की पहली पारी खेल के चौथे दिन 233 रनों पर सिमट गई। कैरिबियाई टीम के लिए पहली पारी में केसी कार्टी 42 रन बनाकर बेस्ट स्कोरर रहे। इस तरह वेस्टइंडीज पहली पारी के आधार पर मेहमान टीम से 124 रनों से पिछड़ गई।
साउथ अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज और स्पिनर्स ने विकेट झटकने में बराबर का योगदान दिया। केशव महाराज को सर्वाधिक 4 विकेट मिले, तो कगिसो रबाडा ने 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा लुंगी एंगीडी और एडेन मार्करम को 1-1 विकेट मिला।
साउथ अफ्रीका ने बनाई 154 रनों की बढ़त
इसके बाद दूसरी पारी में साउथ अफ्रीकी टीम बल्लेबाजी करने उतरी, तो उसने दिन की समाप्ति पर पांच ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय सलामी बल्लेबाज टोनी डी जोर्जी 14* और एडेन मार्करम 9* रन बनाकर मौजूद हैं। फिलहाल साउथ अफ्रीका की मेजबान टीम पर 154 रनों की बढ़त हो गई है।
दूसरी पारी में कैरेबियाई टीम की ओर से अभी तक केमार रोच 2, जोमिल वरिकन 2 और जायडन सील्स ने 1 ओवर गेंदबाजी की है, लेकिन किसी को अभी तक विकेट नहीं मिला है। बता दें कि खेल के पांचवें दिन भी बारिश की संभावना है। अगर ऐसा हुआ था, तो यह मैच ड्रा पर समाप्त हो सकता है। देखने लायक बात होगी कि 5वें दिन कितने ओवर का खेल होगा?