‘सिर्फ बारिश ही बचा सकती है’, पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर ने आगामी टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश टीम को धमकाया!
पूर्व खिलाड़ी के मुताबिक पाकिस्तान टीम को उनके घर में हराना इतना आसान नहीं होगा और यह बात बांग्लादेश को भी अच्छी तरह से पता है।
अद्यतन - अगस्त 13, 2024 8:15 अपराह्न

पूर्व खिलाड़ी बासित अली का मानना है कि पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश टेस्ट सीरीज को मेजबान एकतरफा अपने नाम कर सकता है। उनके मुताबिक, सिर्फ बारिश ही बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज हारने से बचा सकती है।
पूर्व खिलाड़ी के मुताबिक, पाकिस्तान टीम को उनके घर में हराना इतना आसान नहीं होगा और यह बात बांग्लादेश को भी अच्छी तरह से पता है। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है और आगामी टेस्ट सीरीज में वह मेहमान टीम पर भारी पड़ेगा।
आपको बता दें कि, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच 21 अगस्त से रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हो रहा है, जबकि दूसरा और अंतिम मुकाबला 30 अगस्त से कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
सीरीज से पहले बासित अली ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया और कहा कि, ‘सिर्फ बारिश ही बांग्लादेश को बचा सकती है, वरना इन दोनों टीमों के बीच कोई भी तुलना नहीं की जा सकती है। पाकिस्तान के साथ सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वो अपने घर में खेल रहे हैं। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को टेस्ट में उन्हीं के घर में हराया है।’
जेसन गिलेस्पी को लेकर बासित अली ने दिया बड़ा बयान
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी को इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान टेस्ट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। जेसन गिलेस्पी को लेकर बासित अली ने कहा कि, ‘पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के जेसन गिलेस्पी को मुख्य कोच नियुक्त किया है। अब देखना यह है कि क्या हम ऑस्ट्रेलिया की मानसिकता की तरह खेलते हैं या नहीं। अगर जेसन गिलेस्पी पाकिस्तान टीम में ऑस्ट्रेलिया की मानसिकता को लाने की कोशिश करेंगे तो यह उनकी बहुत बड़ी गलती होगी।’
यह सीरीज दोनों ही टीमों के लिए काफी मायने रखता है। इस समय आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पाकिस्तान पांचवें पायदान पर है। उन्होंने अभी तक 5 मैच में दो में जीत दर्ज की है, जबकि तीन में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। उनका जीत प्रतिशत 36.66 है।