पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने फैंस के साथ किया धोखा, टिकट के पैसे लेकर बोला मैच बिना दर्शकों के होगा, जानें पूरा मामला?
PCB ने ऐलान किया है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाला दूसरा टेस्ट मैच खाली स्टेडियम में खेला जाएगा।
अद्यतन - अगस्त 14, 2024 7:25 अपराह्न

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 21 अगस्त से शुरू होने वाली है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट रावलपिंडी में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। लेकिन अब पीसीबी ने फरमान जारी किया है कि यह मैच खाली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके पीछे का कारण पीसीबी ने यह बताया है कि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के मद्देनजर वेन्यू को बेहतर बनाने के लिए नवीनीकरण का कार्य चल रहा है।
गौरतलब है कि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कराची, लाहौर और रावलपिंडी के स्टेडियमों के नवीनीकरण के लिए 17 अरब रुपये आवंटित किए हैं। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी 2008 एशिया कप के बाद पाकिस्तान में खेला जाने वाला पहला बड़ा टूर्नामेंट और 1996 वनडे विश्व कप के बाद पहला आईसीसी आयोजन है। ऐसे में पीसीबी टूर्नामेंट को अच्छी तरह से आयोजित करवाना चाहता है।
इस बीच पीसीबी ने बुधवार, 14 अगस्त को एक बयान जारी कर पुष्टि की कि परिसर में निर्माण कार्य के कारण फैंस स्टेडियम में मैच नहीं देख पाएंगे। पीसीबी के बयान में कहा गया कि,
“आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तैयारियों के तहत नेशनल स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य के मद्देनजर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 30 अगस्त से 3 सितंबर तक पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट मैच को दर्शकों की उपस्थिति के बिना आयोजित करने का कठिन निर्णय लिया है।”
बयान में आगे कहा गया,
“हम समझते हैं कि क्रिकेट में हमारे उत्साही दर्शक कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो हमारे खिलाड़ियों को प्रेरणा और प्रोत्साहन प्रदान करते हैं। हालांकि, हमारे फैंस का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी उपलब्ध विकल्पों पर सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद, हमने फैसला किया है कि सबसे सुरक्षित तरीका खाली स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच आयोजित करना है।”
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि जिन फैंस ने प्रतियोगिता के लिए पहले ही टिकट खरीद लिए हैं, उन्हें उनके पैसे वापस कर दिए जाएंगे, जबकि नहीं बिकी सीटों की बिक्री तत्काल स्थगित कर दी जाएगी।
बांग्लादेश का पाकिस्तान दौरा 21 अगस्त से होगा शुरू
आगामी रेड-बॉल असाइनमेंट पाकिस्तान के लिए कई कारणों से महत्वपूर्ण है। यह टीम के लिए घरेलू धरती पर WTC की दौड़ में वापसी करने का अच्छा अवसर है। यह नवनियुक्त रेड-बॉल हेड कोच जेसन गिलेस्पी के लिए पहली सीरीज भी है। साथ ही यह पहली बार होगा जब शान मसूद बाबर आजम से कप्तानी लेने के बाद घरेलू धरती पर अपनी टीम की कमान संभालेंगे।