क्या सच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के घर की दीवार पर है एमएस धोनी की जर्सी? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई
एमएस धोनी और रोनाल्डो पहनते हैं 7 नंबर की जर्सी।
अद्यतन - अगस्त 17, 2024 2:23 अपराह्न

MS Dhoni Jersey on Cristiano Ronaldo Wall: दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक वर्ल्ड आइकन और अब तक के सबसे लोकप्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक हैं। सोशल मीडिया के नंबर की माने तो, रोनाल्डो दुनिया में सबसे फेमस पर्सनलिटी हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 635 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। एक्स पर उन्हें 112.4 मिलियन से अधिक लोग फॉलो करते हैं। रोनाल्डो फुटबॉल में एक जाना माना चेहरा है।
गुरुवार (15 अगस्त) को रोनाल्डो ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देखते ही फैंस की नजर दीवार पर लटकी 7 नंबर की टी-शर्ट पर पड़ी। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि यह एमएस धोनी की जर्सी है। भारत के पूर्व कप्तान 7 नंबर की जर्सी पहनते हैं। कई यूजर्स का कहना है कि रोनाल्डो भी धोनी के फैन हैं और इसी वजह से उनकी दीवार पर दिग्गज भारतीय क्रिकेटर की जर्सी नंबर-7 है।
क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई
ऐसे में यह सवाल उठना जाहिर है कि क्या वाकई वीडियो में धोनी की जर्सी नजर आ रही है? क्या फुटबॉल आइकन रोनाल्डो को पूर्व भारतीय कप्तान धोनी ने अपनी जर्सी गिफ्ट दी है? चलिए, आपको इसकी हकीकत बताते हैं, जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे।
दरअसल, रोनाल्डो की दीवार पर धोनी की जर्सी नहीं है। यह टी-शर्ट खुद स्टार फुटबॉलर की है। रोनाल्डो पिछले दो दशकों से नंबर-7 जर्सी पहन रहे हैं। उन्होंने सऊदी अरब के क्लब से जुड़ने के बाद भी यह जर्सी पहनना जारी रखा।
रोनाल्डो ने जनवरी 2023 में सऊदी अरब के अल-नासर के साथ करार किया। रोनाल्डो की वीडियो में जो जर्सी दिख रही है, वो अल-नासर फुटबॉल टीम की टी-शर्ट है। बता दें कि रोनाल्डो ने 2003 से 2009 तक मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए नंबर-7 जर्सी पहनी। उन्होंने रियल मैड्रिड के लिए नंबर-9 से शुरुआत की मगर फिर सात नंबर पर लौट आए। जब वे जुवेंटस में शामिल हुए तो भी जर्सी नंबर-7 पहनी, जिसे उन्होंने 2021 में मैनचेस्टर यूनाइटेड में वापसी तक बरकरार रखा। अल-नासर के लिए खेलते हुए वह इसी नंबर की टी-शर्ट पहनते हैं।
दूसरी ओर, धोनी ने अपने डेब्यू के बाद से नंबर-7 की जर्सी पहनी है। बीसीसीआई ने 2023 में धोनी के सम्मान में सात नंबर जर्सी को रिटायर कर दिया। कोई भारतीय खिलाड़ी अब यह जर्सी नंबर नहीं चुन सकता। धोनी टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। उन्होंने 2020 में इंटरेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा। इसके बाद से 43 वर्षीय धोनी अब सिर्फ आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं।
MS Dhoni Jersey on Cristiano Ronaldo Wall Fact Check
— Cristiano Ronaldo (@Cristiano) August 15, 2024