ENG vs SL: मैनचेस्टर टेस्ट में श्रीलंका की शानदार वापसी पर माइकल वॉन ने की जमकर प्रशंसा
इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जा रहा है।
अद्यतन - Aug 22, 2024 4:53 pm

इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जा रहा है। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और मेहमान टीम ने 6 के स्कोर पर अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट खो दिए थे। अनुभवी बल्लेबाज दिमुथ करुणारत्ने दो रन बनाकर आउट हुए, जबकि निशान मदुष्का चार रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। यही नहीं एंजेलो मैथ्यूज अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
हालांकि, इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने काफी अच्छी वापसी की और अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 236 रन बनाए। इसके लिए पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी माइकल वॉन ने श्रीलंकाई टीम की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा और Milan Rathnayake की अर्धशतकीय पारी की भी तारीफ की।
आपको बता दें कि 6 के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद एक समय श्रीलंका का स्कोर 113 रन पर 7 विकेट था। हालांकि, इसके बाद धनंजय डी सिल्वा ने 84 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 74 रन बनाए, जबकि युवा खिलाड़ी Milan Rathnayake ने 72 रनों का योगदान दिया।
पहले टेस्ट के पहले दिन के खेल को लेकर माइकल वॉन ने BBC टेस्ट मैच स्पेशल पर कहा कि, ‘जब श्रीलंका ने अपने 3 विकेट 6 रन पर खो दिए थे तो मुझे लगा कि इंग्लैंड दोपहर के मध्य में बल्लेबाजी कर रही होगी। मुझे लगा कि श्रीलंका पहली पारी में ज्यादा से ज्यादा 120 या 130 रन ही बना पाएगी और इंग्लैंड बढ़त बना लेगी। लेकिन श्रीलंका ने काफी अच्छी वापसी की और उनके बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया।’
धनंजय डी सिल्वा की पारी की पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी ने तारीफ की
माइकल वॉन ने आगे कहा कि, ‘इंग्लैंड टीम को लगा कि वो इस मैच में काफी आगे है, लेकिन उसके बाद श्रीलंका के कप्तान ने महत्वपूर्ण पारी खेली। वो काफी अच्छे फॉर्म में नजर आ रहे थे। मार्क वुड के खिलाफ उन्होंने बल्लेबाजी को आसान बना दिया था। फिर अपने डेब्यू मैच में मिलन ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें जब भी बाउंड्री की जरूरत थी, गेंद अपने आप बल्ले से लगकर वहां तक गई।
टीम ने स्कोर तो बना दिया है, लेकिन अब उन्हें खेल के दूसरे दिन बेहतरीन गेंदबाजी करनी होगी। उन्हें मौके का फायदा उठाना होगा। लेकिन अभी इसको लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता है, क्योंकि इंग्लैंड में बारिश कभी भी हो सकती है। बारिश के बाद श्रीलंका को काफी मदद मिलेगी।’