Rinku Singh Gautam Gambhir

“हमें खुली छूट दे रखी थी”- रिंकू सिंह को गौतम गंभीर ने दिया था खास गुरु मंत्र, धुआंधार पारी को लेकर किया खुलासा

दूसरे टी-20 में रिंकू सिंह ने 29 गेंद पर 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 53 रनों की पारी खेली।

Rinku Singh (Photo Source: Getty Images)
Rinku Singh (Photo Source: Getty Images)

बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दूसरे टी20 मैच में बांग्लादेश पर भारत की 86 रनों की शानदार जीत में रिंकू सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी के दमदार प्रदर्शन का योगदान काफी अहम रहा था। रिंकू ने 29 गेंदों में 53 रन बनाए और नीतीश (34 गेंदों में 74 रन) के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिससे भारत को तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने में मदद मिली।

मैच के बाद रिंकू सिंह ने अपनी इस धमाकेदार पारी का श्रेय हेड कोच गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव को दिया। अपनी जबरदस्त पारी के बाद रिंकू सिंह ने बड़ा खुलासा किया और बताया कि कोच गौतम गंभीर ने दूसरे टी20 मैच के दौरान उन्हें क्या ऐसी सलाह दी थी, जिसकी वजह से वो इतना अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहे।

दूसरे टी-20 मैच से पहले गौतम गंभीर ने रिंकू सिंह को दी थी खास सलाह

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रिंकू सिंह ने इस धुआंधार बल्लेबाजी का राज खोला। उन्होंने कहा कि, “कोच और कप्तान ने हमें हमारा गेम खेलने के लिए कहा। मैसेज यही था कि चाहे जैसी भी परिस्थिति हो बस बॉल को मारते जाओ। कोच ने हमसे कहा कि खुद पर भरोसा रखो और अपना गेम खेलो। उन्होंने धुआंधार बैटिंग के लिए हमें खुली छूट दे रखी थी। जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया दो-तीन ओवर बचे हुए थे।

मेरा लक्ष्य था कि ज्यादा से ज्यादा चौके-छक्के लगाने हैं। मेरा यही टारगेट रहता है कि टीम के लिए जितना हो सके रन बनाऊं। जब मैच शुरू हुआ था तो गेंद सही तरह से बल्ले पर नहीं आ रही थी। जब संजू सैमसन और सूर्या भाई आउट हुए तो नितीश रेड्डी ने कहा कि गेंद फंस रही है। मैंने उसी हिसाब से बल्लेबाजी की और बाद में विकेट बेहतर हो गया। हमने आपस में बात की पहले पार्टनरशिप बनाना है ताकि मोमेंटम मिल सके। मैं अपने आपको हर फॉर्मेट का खिलाड़ी मानता हूं।”

दूसरे टी20 में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए नीतिश रेड्डी और रिंकू सिंह के अर्धशतकीय पारी के बदौलत 221 रन बनाए। 222 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 135 ही रन बना पाई। भारत ने 86 रनों से यह मैच जीतकर, तीन मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। सीरीज का तीसरा टी20 शनिवार, 12 अक्टूबर को हैदराबाद में खेला जाना है।

close whatsapp