T20 World Cup Semi Final Scenario: भारतीय टीम कैसे पहुंच सकती है टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में, जानिए पूरा समीकरण
महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत अब तक तीन में से दो मैच जीत चुका है।
अद्यतन - अक्टूबर 12, 2024 5:28 अपराह्न

आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप लीग स्टेज में अब तक 14 मैच खेले जा चुके हैं और अभी छह मुकाबले खेले जाने बाकी है। हालांकि, 14 मैच हो जाने के बाद भी अभी तक सेमीफाइनल में पहुंचने वाली एक भी टीम का नाम साफ नहीं हुआ है। ग्रुप-ए और बी दोनों में तीन-तीन टीमों के बीच सेमीफाइनल में पहुंचने की जंग जारी है। ग्रुप-ए से रेस में ऑस्ट्रेलिया के साथ भारत और न्यूजीलैंड की टीमें हैं।
ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय है, क्योंकि टीम अभी तक टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारी है। वहीं ग्रुप-बी में वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच रेस जारी है। ऐसे में अब सभी भारतीय फैंस के मन में एक सवाल है कि अगर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उनका क्या करना होगा। तो हम आपको इस सवाल का जवाब देते हैं।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने अभी तक वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में तीन मुकाबले खेले हैं, जिसमें दो में उन्हें जीत मिली है तो एक में हार का सामना करना पड़ा है। भारत पॉइंट्स टेबल में 4 अंक और +0.576 के नेट रन रेट के साथ दूसरे नंबर पर बना हुआ है। टीम इंडिया का लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से है, जो इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन कर रही है।
भारत और सेमीफाइनल के बीच असली चुनौती न्यूजीलैंड दे रहा है जो 2 में से एक जीत और एक हार के साथ तीसरे पायदान पर है। न्यूजीलैंड के बचे हुए दो मुकाबले श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ है।
Team India ICC Womens T20 World Cup Semi Final Scenario: ऐसे पहुंच सकता है भारत सेमीफाइनल में
टीम इंडिया को अगर सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उन्हें हर हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीग स्टेज का अपना आखिरी मैच जीतना होगा। अगर टीम ऐसा करने में कामयाब रहती है तो उनके 6 अंक हो जाएंगे, जिसके बाद उनकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी बढ़ जाएगी। हालांकि, अगर न्यूजीलैंड भी बचे दोनों मैच जीतता है तो उसके भी 6 अंक हो जाएंगे और फिर मामला नेट रन रेट पर आकर रुक जाएगा।
वहीं अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ता है तो उसके बाद उन्हें ये दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड अपने बचे दो में से कम से कम एक मुकाबला हारे। इसके बाद भी फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। फिलहाल भारत नेट रन रेट के मामले में न्यूजीलैंड से काफी आगे है। भारत का नेट रन रेट +0.576 का है तो न्यूजीलैंड का -0.050 का।