संजू और अभिषेक ने अभी तक बहुत ही खराब प्रदर्शन किया है: बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 से पहले पूर्व खिलाड़ी ने दिया बड़ा बयान
आकाश चोपड़ा के मुताबिक अभी तक दोनों ही सलामी बल्लेबाजों ने इस टी20 सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की है।
अद्यतन - Oct 12, 2024 3:04 pm

टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच तीसरा और अंतिम टी20 मुकाबला आज यानी 12 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि इस मैच से पहले पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। आकाश चोपड़ा के मुताबिक अभी तक दोनों ही सलामी बल्लेबाजों ने इस टी20 सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की है। उनके मुताबिक दोनों ही खिलाड़ियों को शुरुआत तो मिली है लेकिन उसे वो बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए हैं।
अभी तक इन दोनों टीमों के बीच दो टी20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन दोनों ही मुकाबलों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। ग्वालियर में खेले गए पहले टी20 में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले को भी मेजबान ने 86 रनों से अपने नाम किया था। अब हैदराबाद में होने वाले तीसरे टी20 में भी मेजबान जीत दर्ज जरूर करना चाहेगा। हालांकि इस मैच से पहले आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा की है जिसमें उन्होंने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को लेकर अपना पक्ष रखा है।
आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘दोनों सलामी बल्लेबाजों का क्या? यह बहुत ही बड़ा सवाल है। यह तीन मैच की सीरीज है। इस समय आप अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को ओपनर के रूप में देख रहे हैं लेकिन दोनों ने ही अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बनाया है। पहले मैच में संजू सैमसन काफी अच्छे फॉर्म में नजर आए थे। यही नहीं अभिषेक ने दोनों ही मैच में काफी अच्छी शुरुआत की थी।
हालांकि पहले टी20 में वो रनआउट हो गए थे जबकि दूसरे में उन्होंने बहुत ही खराब शॉट खेला था। संजू भी दोनों पारी में जल्द आउट हो गए थे। उन्होंने एक पारी में 29 रन तो बनाए थे लेकिन दूसरी में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। यह बहुत ही जरूरी है।’
सलामी बल्लेबाजों की लिस्ट में कई लोग शामिल है: आकाश चोपड़ा
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘यह बहुत ही जरूरी है क्योंकि सलामी बल्लेबाजों को टी20 में जल्दी रन बनाने होते हैं और उनके पास समय भी काफी ज्यादा होता है। इसीलिए अभिषेक और संजू को रन बनाने होंगे क्योंकि ऋतुराज, शुभमन और यशस्वी जायसवाल भी पीछे से आ जाएंगे। टीम इंडिया में सलामी बल्लेबाजों की जगह काफी ज्यादा है।
आपको दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी चार मैच खेलने को मिलेंगे लेकिन वहां परिस्थिति काफी अलग होगी और आपके विरोधी भी काफी टक्कर के होंगे। इसीलिए यह मैच दोनों ही इस्लामी बल्लेबाजों के लिए बेहद जरूरी है। अगर बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 में दोनों सलामी बल्लेबाज फेल हुए तो उनकी जगह पर सवाल जरूर उठाया जाएगा।’