‘सेल्यूट सर’: ऋषभ पंत ने मोहम्मद सिराज को DSP बनने पर दी ढेर सारी शुभकामनाएं
मोहम्मद सिराज को 11 अक्टूबर को तेलंगाना का DSP नियुक्त किया गया है।
अद्यतन - अक्टूबर 12, 2024 10:04 अपराह्न

भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने बेहतरीन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को तेलंगाना का DSP बनने पर ढेर सारी शुभकामनाएं दी है। बता दें कि, मोहम्मद सिराज को 11 अक्टूबर को तेलंगाना का DSP नियुक्त किया गया है। यही नहीं उन्होंने DSP के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है।
सिराज को तेलंगाना सरकार ने ग्रेड-1 की नौकरी दी है। यह प्रदेश में ग्रुप-A ऑफिसर की नौकरी है। वह सहायक अधीक्षक (ASP) से ऊपर के अधिकारी रहेंगे और एसपी को रिपोर्ट करेंगे। सिराज की वर्दी पर 3 स्टार रहेंगे। राज्य में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने और पेचीदा अपराधों के मामलों को सुलझाने में उनकी भूमिका रहेगी।
डीएसपी गजेटेड ऑफिसर होते हैं। उन्हें आगे चलकर आईपीएस में प्रमोट किया जा सकता है। इस रैंक का अधिकारी बनने के लिए किसी भी कैंडीडेट को राज्य प्रशासनिक सेवा की पीसीएस यानी राज्य सेवा परीक्षा पास करनी होती है, लेकिन सिराज को उनकी उपलब्धियों के लिए ये पद दिया गया है।
ऋषभ पंत ने अपनी आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी पर मोहम्मद सिराज की तस्वीर को साझा किया और लिखा कि ‘सेल्यूट सर’।
यह रही ऋषभ पंत की इंस्टाग्राम स्टोरी:

टीम इंडिया इस समय बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसमें इन दोनों ही खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। इससे पहले टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी जिसको मेजबान ने अपने नाम किया था। इन दोनों ही टेस्ट मैच में टीम इंडिया की ओर से ऋषभ पंत और मोहम्मद सिराज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें ऋषभ पंत और मोहम्मद सिराज को भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है। आगामी टेस्ट सीरीज में यह दोनों ही खिलाड़ी अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।