IND vs NZ: कुछ इस तरह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उड़ाया टीम इंडिया का मजाक, शेयर किया पुराना वीडियो
इस मुकाबले में टीम इंडिया ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और अपनी पहली पारी में 46 रन पर ऑलआउट हो गई।
अद्यतन - अगस्त 21, 2026 10:51 पूर्वाह्न

इस समय भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले में टीम इंडिया ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और अपनी पहली पारी में 46 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह घरेलू सरजमीं पर भारत का सबसे कम स्कोर है। पहली पारी में भारतीय बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।
इस बीच टीम इंडिया के पहले टेस्ट की पहली पारी में प्रदर्शन को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोशल मीडिया पर मेजबान का जमकर मजाक उड़ाया है। बता दें कि, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 सीजन में टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
इसको लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है, जिसके कैप्शन पर उन्होंने लिखा है कि, ‘क्या ऑलआउट 46, नया ऑलआउट 36 है?’ इस पोस्ट फैन्स के काफी रिएक्शन भी देखने को मिल रहे हैं।
यहां देखें वीडियो:
Is 'All Out 46' the new 'All Out 36'? #INDvNZ pic.twitter.com/HrD03En9cy
— cricket.com.au (@cricketcomau) October 17, 2024
गौरतलब है कि भारतीय टीम की ओर से पहली पारी में ऋषभ पंत ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने पहली पारी में 20 रन बनाए। पंत के अलावा यशस्वी जायसवाल ने 13 रनों की पारी खेली। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल, रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा अपना खाता भी नहीं खोल पाए। मोहम्मद सिराज ने चार रन बनाए, जबकि कप्तान रोहित शर्मा दो रन के निजी स्कोर पर वापस पवेलियन लौट गए।
न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने सबसे अधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि William O’Rourke ने 12 ओवर में 22 रन देकर चार विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 सीजन में भले ही टीम इंडिया एडिलेड टेस्ट में 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी, लेकिन उन्होंने इस सीरीज में धमाकेदार वापसी की और 2-1 से इसे अपने नाम किया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में भी टीम इंडिया वापसी करने को देखेगी।