'कोहली के प्रति मेरा सम्मान बढ़ गया है', मांजरेकर ने पसंदीदा बल्लेबाजी क्रम छोड़ने के लिए अनुभवी खिलाड़ी की सराहना की - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘कोहली के प्रति मेरा सम्मान बढ़ गया है’, मांजरेकर ने पसंदीदा बल्लेबाजी क्रम छोड़ने के लिए अनुभवी खिलाड़ी की सराहना की

बेंगलुरु टेस्ट मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे कोहली 

Sanjay Manjrekar and Virat Kohli (Image Credit- Twitter X)
Sanjay Manjrekar and Virat Kohli (Image Credit- Twitter X)

बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया की ओर से पूर्व कप्तान विराट कोहली नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में शुभमन गिल गर्दन में हल्की अकड़न की वजह से नहीं खेल पाए और मैनेजमेंट ने गिल की जगह सरफराज खान को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया।

कोहली को नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए भेजने का भारतीय मैनेजमेंट का पैंतरा काम नहीं आया और वह 9 गेंदों में बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। बता दें कि इस नंबर पर कोहली साल 2016 में आखिरी बार खेलते हुए नजर आए थे। इसके बाद वह लगातार नंबर 4 पर खेल रहे हैं।

इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर व कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने टीम को अपनी पसंद से आगे रखने के लिए कोहली की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सीनियर आमतौर पर अपने स्थानों के साथ छेड़छाड़ नहीं करते हैं, लेकिन कोहली इसके विपरीत एक अच्छा उदाहरण हैं।

संजय मांजरेकर ने की विराट कोहली की तारीफ

बता दें कि न्यूजीलैंड के पहले टेस्ट मैच में विराट कोहली के नंबर 3 पर खेलने के बाद, संजय मांजरेकर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से कहा- हां, उनके इस फैसले से मैं प्रभावित हुआ और विराट कोहली के प्रति मेरा सम्मान बढ़ गया, क्योंकि हमने बीते समय में कई बड़े नामों को निचले क्रम में अपनी स्थिति से हटने से मना करते हुए देखा है। चाहे टीम को इसकी सख्त जरूरत क्यों ना हो। विराट कोहली इस समय फाॅर्म में नहीं हैं और कठिन परिस्थितियों में नंबर 3 पर खेल रहे हैं।

दूसरे दिन स्टंप के बाद न्यूजीलैंड ने भारत पर हासिल की 134 रन की बढ़त

दूसरी ओर, आपको इस मैच का हाल बताएं तो टीम इंडिया को 46 रनों पर समेटने के बाद, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में दूसरे दिन स्टंप के समय 50 ओवर बाद, 3 विकेट के नुकसान पर 180 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय रचिन रवींद्र 22* और डेरिल मिचेल 14* रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। न्यूजीलैंड की भारत पर 134 रनों की बढ़त हो गई है।

close whatsapp