BGT की तैयारी के लिए स्टीव स्मिथ-मिचेल स्टार्क ने बनाया खास प्लान, New South Wales की टीम में हुए शामिल
स्टीव स्मिथ और मिचेल स्टार्क ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले घरेलू क्रिकेट खेलने का फैसला लिया है।
अद्यतन - Oct 17, 2024 9:02 pm

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 22 नवंबर से भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत घर पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। कंगारू टीम को घर में भारत के खिलाफ पिछली दोनों टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार झेलनी पड़ी थी। आगामी सीरीज में टीम रोहित शर्मा एंड कंपनी को करारी शिकस्त देने के लिए बेताब है। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस वक्त वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है और फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में शामिल है।
टीम ने भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में स्टीव स्मिथ और मिचेल स्टार्क ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले घरेलू क्रिकेट खेलने का फैसला लिया है। दोनों खिलाड़ी शेफील्ड शील्ड में विक्टोरिया के खिलाफ न्यू साउथ वेल्स की ओर से खेलने के लिए तैयार हैं।
स्मिथ और स्टार्क तीन साल बाद शेफील्ड शील्ड मैच खेलेंगे
मिचेल स्टार्क ने आखिरी बार शेफील्ड शील्ड में 2020-21 में खेला था, जब उन्होंने क्वींसलैंड के खिलाफ फाइनल खेला था। जबकि स्टीव स्मिथ ने आखिरी बार फरवरी 2021 में विक्टोरिया के खिलाफ खेला था। दोनों ही खिलाड़ी इंटरनेशनल असाइमेंट के लिए बेहतर तैयारी के लिए घरेलू क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाना चाहेंगे।
शेफील्ड शील्ड के दूसरे राउंड के लिए स्क्वॉड में तेज गेंदबाज सीन एबॉट को भी जगह मिली है, वह एक छोटी सी चोट के चलते पहले राउंड का हिस्सा नहीं थे।
पैट कमिंस और हेजलवुड शेफील्ड शील्ड में नहीं खेलेंगे
पैट कमिंस और जोश हेजलवुड शेफील्ड शील्ड में नहीं खेलेंगे, लेकिन 25 अक्टूबर को जंक्शन ओवर में वनडे कप मैच खेलेंगे। बता दें, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस और जोश हेजलवुड बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज से पहले कोई भी रेड-बॉल मैच नहीं खेलेंगे।
शेफील्ड शील्ड के दूसरे राउंड के लिए न्यू साउथ वेल्स का स्क्वॉड
सीन एबॉट, जैक्सन बर्ड, ओली डेविस, जैक एडवर्ड्स, मोइसेस हेनरिक्स, सैम कोन्स्टास, नाथन लियोन, निक मैडिन्सन, जैक निस्बेट, जोश फिलिप, तनवीर संघा, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क