BGT 2024-25: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए युवराज सिंह ने टीम इंडिया को दी महत्वपूर्ण सलाह
ऑस्ट्रेलिया और इंडिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 22 नवंबर से पर्थ में शुरू हो रही है।
अद्यतन - नवम्बर 20, 2024 4:11 अपराह्न

पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह ने टीम इंडिया को यह सलाह दी है कि आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वो आक्रामक मानसिकता के साथ खेले। युवराज सिंह के मुताबिक, न्यूजीलैंड के खिलाफ इंडिया को मिली क्लीनस्वीप के बाद वो काफी दर्द में होंगे और आगामी सीरीज में उन्हें खुद को साबित करना बेहद जरूरी है।
बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया और इंडिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 22 नवंबर से पर्थ में शुरू हो रही है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर है, जबकि टीम इंडिया दूसरे पायदान पर। दोनों ही टीमों के लिए आगामी टेस्ट सीरीज बेहद जरूरी है। भारत को अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है, तो उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लगभग चार मैच जीतने बेहद जरूरी है।
युवराज सिंह ने मिड-डे से बात करते हुए कहा कि, ‘टीम इंडिया को अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें काफी दर्द हो रहा होगा। ऑस्ट्रेलिया में टीम को खुद को अब साबित करना है और उन्हें आक्रामक मानसिकता के साथ शानदार प्रदर्शन करना होगा। आप ऑस्ट्रेलिया में सीरीज के ड्रॉ की मानसिकता के साथ नहीं जा सकते हैं।’
टॉप ऑर्डर को अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी और जसप्रीत बुमराह को विकेट लेने होंगे: युवराज सिंह
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘मेजबान आपके ऊपर दबाव जरूर डालना चाहेगा। ऑस्ट्रेलिया को हराना इतना आसान नहीं है, लेकिन आपने पहले दो बार ऐसा किया है। इसलिए ऐसा कहा जा सकता है कि यह फिर से भी हो सकता है, लेकिन उसके लिए टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को फायर करना होगा और जसप्रीत बुमराह को विकेट लेने होंगे। मेरे हिसाब से टीम इंडिया आगामी टेस्ट सीरीज को जरूर जीतेगी, लेकिन यह भी हमें याद रखना होगा कि ऑस्ट्रेलिया भी आगामी चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार है।’
पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा और शुभमन गिल नहीं खेल सकेंगे। रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण उपलब्ध नहीं हैं, जबकि शुभमन गिल की उंगली में चोट लग गई है। ऐसे में पहले टेस्ट में जसप्रीत बुमराह कप्तानी करेंगे।