OTD: आज ही के दिन सचिन तेंदुलकर 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 30,000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे
सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 34,357 रन बनाए।
अद्यतन - नवम्बर 20, 2024 4:50 अपराह्न

15 साल पहले आज ही के दिन यानी 30 नवंबर 2009 को टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक अविश्वसनीय उपलब्धि अपने नाम की थी। सचिन तेंदुलकर पहले क्रिकेटर बने थे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 30,000 रन पूरे किए थे। उन्होंने यह उपलब्धि अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में इंडिया बनाम श्रीलंका टेस्ट मैच के दौरान हासिल की थी।
इन दोनों टीमों के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में सचिन तेंदुलकर ने यह कीर्तिमान अपने नाम किया था और ऐसा करने वाले वो पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने थे।
बता दें कि, टीम इंडिया ने इस मैच में पहली पारी में 426 रन बनाए थे। मेजबान की ओर से राहुल द्रविड़ ने 177 रनों की पारी खेली थी, जबकि महेंद्र सिंह धोनी ने 110 रनों का योगदान दिया था। जवाब में श्रीलंका ने अपनी पहली पारी को 7 विकेट पर 760 रन पर घोषित की थी। श्रीलंका की ओर से महेला जयवर्धने ने 275 रन जड़े थे।
इसी पारी में सचिन तेंदुलकर ने अपना 43वां टेस्ट शतक बनाया था
इस उपलब्धि के समय सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में 12777 बनाए थे, जबकि वनडे में उनके 17,178 रन थे। एकमात्र अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच में उन्होंने 10 रन बनाए थे। सबसे खास बात यह थी कि इसी पारी के दौरान सचिन तेंदुलकर ने अपना 43वां टेस्ट शतक जड़ा था, जिसकी वजह से टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच खेला गया यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
सचिन तेंदुलकर ने 1989 में 16 साल की उम्र में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और उन्होंने 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया। सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 34,357 रन बनाए हैं। वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी है। उनकी इस उपलब्धि के आसपास भी अभी तक कोई भी खिलाड़ी नहीं पहुंच पाया है।