“कमिंस ने मुझे बहुत कॉन्फिडेंस…”, एडिलेड टेस्ट के बाद शतकवीर ट्रैविस हेड का बयान
एडिलेड टेस्ट में भारत के खिलाफ ट्रैविस हेड ने 141 गेंदों में 140 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - दिसम्बर 8, 2024 5:52 अपराह्न

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच एडिलेड में खेला गया। सीरीज के पहले मैच में 295 रनों से शानदार जीत के बाद टीम इंडिया को दूसरे मैच मे 10 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। पिंक-बॉल टेस्ट मैच में भारत का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में टीम 180 रनों पर ऑलआउट हो गई।
इसके बाद ट्रैविस हेड के शतक के चलते ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 337 रन बनाए और 157 रनों की बढ़त बनाई। दूसरी पारी में भी बल्ले से भारत का प्रदर्शन खराब रहा, टीम 175 पर सिमट गई और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए मात्र 19 रनों का लक्ष्य मिला। मैच के बाद दोनों टीमों के बीच सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है।
घातक बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने शतक ठोक प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। अवॉर्ड मिलने के बाद उनका क्या कहना है आइए आपको बताते हैं-
हमने जितना हो सके उतना रन बनाने की कोशिश की- ट्रैविस हेड
भारत के खिलाफ मैच के बाद ट्रैविस हेड ने कहा कि, रन बनाकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। कप्तान पैट कमिंस ने उन्हें काफी कॉन्फिडेंस दिया और वह जैसे खेलना चाहते थे उन्हें उस चीज की आजादी मिली। एडिलेड टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने के बाद ट्रैविस हेड ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा,
फिर से कुछ रन बनाना अच्छा लगा। मुझे लगा कि पिछले हफ्ते मैं अच्छा खेल रहा था, मुझे लगा कि मैं अच्छे फॉर्म में हूे। यह ड्रेसिंग रूम अच्छा है, यह एक कड़ा मैच है, ज्यादातर लोग इसके विपरीत सुझाव दे सकते हैं। अच्छा प्रदर्शन करना, कुछ भी गारंटी नहीं थी, अच्छी गति और अब हमें इसके साथ आगे बढ़ना है। पैट ने मुझे बहुत कॉन्फिडेंस दिया। मैं खेल को देख सकता हूं और खेल को वैसे खेल सकता हूं जैसा मैं देखना चाहता हूं। मुझे लगा कि दूसरी नई गेंद के साथ अच्छा मौका था। हमने जितना हो सके उतना रन बनाने की कोशिश की और उन्हें दबाव में डाला। पिछले कुछ दिनों से गर्मी थी। लगा कि नई गेंद से खेलना मुश्किल होगा। मैंने पूरी पारी में मौकों को अच्छी तरह से चुना। (शतक का जश्न) मिलर के साथ भी ऐसा ही किया, फैमिली का यहां होना अच्छा लगा और यह एक अच्छा हफ्ता रहा।
हेड ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में ट्रैविस हेड ने 141 गेंदों में 17 चौके और 4 छक्कों की मदद से 140 रनों की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 8वां शतक है। हेड ने 111 गेंदों में शतक पूरा किया था, जो डे-नाइट टेस्ट मैच में सबसे तेज शतक है। हेड ने खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है, उन्होंने इससे पहले 2022 मे इंग्लैंड के खिलाफ होबार्ट में डे-नाइट टेस्ट में 112 गेंदों में शतक ठोका था।